प्रयागराज।म‌ऊ के पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है।दस दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी रिमांड शुक्रवार को खत्म होने के बाद मुख़्तार अंसारी को ईडी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया।ईडी स्पेशल कोर्ट ने मुख्तार अंसारी की कस्टडी रिमांड पांच दिनों के लिए और बढ़ा दी है।ईडी के अधिवक्ता ने पांच दिन की और कस्टडी रिमांड देने की अर्जी दी थी।अर्जी को सेशन जज संतोष राय ने मंजूर कर ली।अब मुख्तार अंसारी 27 दिसंबर तक ईडी की कस्टडी में रहेंगे।





शुक्रवार को ईडी के सब जोनल ऑफिस से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से माफिया मुख्तार अंसारी की पेशी हुई। ईडी के अधिवक्ता ने बताया कि मुख्तार अंसारी पूछताछ में ज्यादा सहयोग नहीं कर रहा है।अर्जी में कहा गया कि कुछ अन्य तथ्यों पर मुख्तार अंसारी से पूछताछ करना बाकी है।मुख्तार अंसारी के वकीलों ने कस्टडी रिमांड बढ़ाए जाने का विरोध किया।जिसके बाद ईडी स्पेशल कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद पांच दिन की और कस्टडी रिमांड बढ़ा दी।





आपको बताते चलें कि म‌ऊ के पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी की दस दिनों की ईडी की कस्टडी रिमांड आज शुक्रवार को खत्म हो रही थी।मुख्तार के खिलाफ दर्ज मनी लांड्रिंग केस में पूछताछ और बयान दर्ज करने के लिए ईडी ने ईडी स्पेशल कोर्ट से दस दिन की कस्टडी रिमांड मांगी थी।शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे के पहले ईडी को मुख्तार अंसारी को ईडी स्पेशल कोर्ट में पेश कराना था।मुख्तार को कोर्ट में पेश करने के पहले उसका मेडिकल भी कराया गया।





इन बिंदुओं पर हुई पूछताछ





माफिया मुख्तार अंसारी से ईडी की टीम ने नौ दिन तक कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की है।मनी लांड्रिंग केस में नौ दिनों में नौ प्रमुख बिंदुओं पर मुख्तार से पूछताछ की गई है।





1.फरार पत्नी अफशा अंसारी के बारे में पूछताछ की गई है।





2.जेल में बंद बसपा सांसद अतुल राय से संबंधों के बारे में।





3.परिवार की कंपनी विकास कंस्ट्रक्शन और ससुराल की कंपनी आगाज़ कंस्ट्रक्शन की स्थापना और बैंक अकाउंट की डिटेल्स के बारे में।





4.विधायक निधि का दुरुपयोग कर प्रतिनिधि समेत कई करीबी लोगों को निधि की रकम बांटे जाने के मामले में।

5.गाजीपुर और जालौन समेत कई जगहों पर परिवार के नाम बनाई गई संपत्तियों के बारे में।





6.दुबई समेत खाड़ी देशों की यात्राओं के बारे में।

7.सिंगल टेंडर के जरिए परिवार को कई बड़े कामों का ठेका दिलाए जाने के बारे में।





8.करीबियों और गुर्गों के नाम पर तमाम जगहों पर संपत्तियां बनाए जाने के मामले में।





9.बांदा और पंजाब की रोपड़ जेल में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल फोन और उस पर सरकारी अफसरों और दूसरे रसूखदार लोगों से बातचीत की डिटेल्स के बारे में पूछताछ की गई है।





ये है मामले





मार्च 2021 में माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ तीन मुकदमों को आधार बनाकर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया गया था। इसमें लखनऊ में सरकारी जमीन पर कब्जा, गाजीपुर के नंद गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर वेयरहाउस बनाए जाने और विधायक निधि के दुरुपयोग के मामले को लेकर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया गया है।