मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा और जांच की सुविधा मिले:मंत्री, बन्ना गुप्ता





स्वास्थ्य मंत्री ने नक्सल प्रभावित पीरटांड़ प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया उद्घाटन





प्रतिनिधि,गिरिडीह। झारखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया।मौके पर मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा प्रयास है लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाय।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ व बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार सतत प्रयास कर रही है। ताकि राज्य के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिल सकें।





इसके अलावा मंत्री ने कहा कि इस सीएचसी के शुरू होने से आस पास के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को इलाज कराने में सहूलियत होगी और बार बार मुख्यालय की ओर आवागमन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सीएचसी को मॉडल रूप में तैयार किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं, ताकि व्यवस्थित तरीके से कार्यों को संचालित किया जा सके।





उन्होंने कहा कि जिला और प्रखंड स्तर से स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं को सुगम बनाने को लेकर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उक्त अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सीय उपचार को सुदृढ़ एवं बेहतर किया गया है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपचार कराया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार व जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है कि मरीजों समय पर उचित चिकित्सा और जांच की सुविधा मिलें।





इसके अलावा मंत्री ने कोविड केयर सेंटर, बरमोरिया का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों की वस्तुस्थिति का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने वहां पर तैयार हुए आरटीपीसीसी लैब, पीएसए प्लांट वार्ड, कोविड जांच केंद्र समेत अन्य संसाधनों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।इस दौरान उन्होंने बताया कि अब गिरिडीह में ही कोरोना की जांच की जा सकेगी,जिसके लिए आरटीपीआर लैब को तैयार कर लिया गया है। इसके साथ ही डेंगू,चिकन पॉक्स, मिजिल्स,चिकुनगुनिया तथा रेबीज की जांच भी की जायेगी। अब रिपोर्ट का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अन्य जिलों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।





उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुगम किया जा रहा है ताकि जिले के लोगों को अपने ही जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जा सके। इसके अलावा मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि अभी से एक माह तक एमआर अभियान चल रहा है। सभी से आग्रह है कि अपने 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को एमआर का टीका अवश्य लगवाएं। इस अभियान को सफल बनाने में सभी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि देश के कोविड का प्रकोप भी बढ़ रहा है।इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सभी जिलों में कोविड संक्रमण के रोकथाम हेतु मॉक ड्रिल किया गया है।





निरीक्षण के क्रम में मुख्य रूप से विधायक, गिरिडीह, उपायुक्त, सिविल सर्जन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, डीपीएम, स्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।