प्रतिनिधि,जमशेदपुर।मानगो थाना अंतर्गत रहने वाली एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर न्यू आजाद नगर रफ्फार कॉलोनी निवासी मो. अफजल ने उसका शारीरिक शोषण किया। इस बीच उसका चार बार गर्भपात भी करवाया। अंततः आरोपी द्वारा शादी से मुकरने पर मामला थाने तक पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।





मामले में नाबालिग का कहना है कि वह जेकेएस कॉलेज में आइए सेकेंड इयर की छात्रा है। उसके माता-पिता बराबर बुढ़ी दादी को देखने के लिए औरंगाबाद जाते थे। इसी बीच न्यू आजाद नगर का रहने वाले मो. अफजल उसके घर पर आकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था।साथ ही नाबालिग ने कहा कि आरोपी अफजल उसे अपनी मौसी के घर पर ले जाकर वहां भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। वहीं शादी के लिए दबाव देने पर वह झांसा देकर चुप करवा देता था। वर्तमान में आरोपी ओल्ड पुरूलिया रोड में रहता है।





नाबालिग ने मामले में बताया कि इस बीच वह चार बार गर्भवती भी हो गई थी। मगर बार-बार दवा खिलाकर आरोपी उसका गर्भपात करवा देता था। मामला खुलने पर 22 दिसंबर 2022 को लोग जुटे थे। इस बारे में बातचीत भी की थी। इस दौरान आरोपी की ओर से एक सप्ताह का समय मांगा गया था। मगर समय पूरा होने पर वह शादी से साफ मुकर गया। जिसके बाद ही मामला थाने तक पहुंचा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।