नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा हुआ है।यहां एक बोलेरो खड़े डंपर में पीछे जा घुसी।इस हादसे में एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।





मिली जानकारी के‌ अनुसार ये भीषण सड़क हादसा गुरुवार की सुबह लगभग 5 बजे जेवर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ है। बोलेरो में सवार सभी सात लोग आगरा से नोएडा जा रहे थे।तभी वहां खड़े डंपर से बोलेरो पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।मृतकों में चार लोग महाराष्ट्र के पुणे के बारामती और एक महिला कर्नाटक के बेलगाम की रहने वाली थीं।





भीषण सड़क हादसे में 68 वर्षीय चन्द्र कांत नारायण बुराड़े, 59 वर्षीय श्रीमति स्वर्णा चन्द्र कान्त बुराड़े, 68 वर्षीय श्रीमति मालन विश्वनाथ कुंभार,60 वर्षीय श्रीमति रंजना भरत पवार और 53 वर्षीय श्रीमति नुवंजन मुजावर की मौत हो गई। 40 वर्षीय नारायण रामचन्द्र कोलेकर और 35 वर्षीय श्रीमति सुनीता राजू गस्टे गंभीर रुप से घायल हुए है, जिनका इलाज चल रहा है।





मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे में 5 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।सीएम योगी ने दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने का निर्देश दिया है।