युवाओं के हौसलों को मिला नया पंख : अन्नपूर्णा देवी
कौशल महोत्सव में 1500 से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम ने लगाया जॉब मेला
पांच हजार से अधिक युवाओं का साक्षात्कार
विशेष संवाददाता
कोडरमा। केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि युवा दिवस पर कौशल महोत्सव में युवाओं को हौसलों को एक नया पंख मिला है। कौशल महोत्सव में 50 से अधिक कंपनियों ने युवाओं को जॉब दिया। यह एक पहल है युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का। आज 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। साथ ही 5000 से अधिक युवाओं का कंपनियों ने इंटरव्यू लिया है।जिन युवाओं का साक्षात्कार लिया गया है, उन्हें भी कंपनियां जल्दी ही नियुक्ति देगी। केंद्रीय राज्य मंत्री गुरुवार को कोडरमा के बागीटांड़ स्टेडियम में आयोजित कौशल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थी। इसका आयोजन कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के साथ राष्ट्रीय कौशल विकास निगम ने किया था।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने युवा दिवस के अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक वर्ष में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। इस दिशा में केंद्र सरकार कार्य कर रही है। अक्टूबर माह से ही देशभर के विभिन्न शहरों में जॉब मेला का आयोजन किया जा रहा है, जहां युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नई नियुक्तियां मिल रही है। आज जिन युवाओं को नियुक्ति नहीं मिली है, वह निराश नहीं हो कंपनियां आगे भी उन्हें नियुक्ति देगी।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से युवाओं को नई नौकरियां मिले इसके लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। नए रोजगार के अवसर पैदा हो, इसके लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। वही, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नए निवेश भी आ रहे हैं, जिससे भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। नई परियोजनाओं के माध्यम से भी युवाओं को नौकरी देने का प्रयास है।
समर्पित भाव से काम करें युवा: नीरा यादव
कोडरमा की विधायक नीरा यादव ने कहा कि कौशल महोत्सव में जिन युवक-युवतियों को नियुक्ति मिली है, वे समर्पित भाव से काम करें। कौशल महोत्सव में बेटियों को भी नौकरी मिली है, यह एक सुखद एहसास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं की चिंता करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया है कि नौकरी लेने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बने। शिक्षा के साथ कौशल विकास का होना जरूरी है। इस दिशा में पीएम मोदी कार्य कर रहे हैं।
रोजगार मेला युवाओं के लिए नया अवसर: केदार हाजरा
जमुआ विधायक केदार हाजरा ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं के लिए नया अवसर लेकर आया है। युवा इस अवसर का लाभ जरूर उठाएं।वहीं, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि रोजगार मेला के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। युवाओं के घर पर ही कंपनियां आकर जॉब ऑफर कर रही है। युवा इसका लाभ जरूर उठाएं।
अधिक से अधिक युवाओं को मिले रोजगार: उपायुक्त
कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि कोडरमा के युवाओं को रोजगार मिल रहा है, एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब कोडरमा के बच्चे अपने हुनर से देश में कोडरमा का नाम रोशन करेंगे। हमारा प्रयास है कि कोडरमा जिले के अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी मिले। युवाओं से अपील है कि शिक्षा के साथ अपना कौशल विकास भी करें। अगर आपके पास स्किल हो तो जॉब मिलने में आसानी होती है।
कार्यक्रम में एनएसडीसी की भावना वर्मा ने कौशल महोत्सव के बारे में जानकारी दी।इस अवसर पर कोडरमा डीडीसी ऋतुराज, डीएफओ सूरज सिंह, एनएसडीसी की जीएम पंखुड़ी समेत अन्य लोग मौजूद थे।





