पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हजारीबाग।यूथ विंग ने प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिवाली से पूर्व एक विशेष पहल करते हुए ओल्ड ऐज होम में रह रहे बुजुर्गों के साथ त्योहार का जश्न मनाया।दिवाली की रौनक और खुशी उन बुजुर्गों के चेहरों पर लाने का यह प्रयास सभी के दिल को छू गया।
इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ दिवाली मनाना नहीं था,बल्कि उन बुजुर्गों को यह महसूस कराना था कि वे भी समाज का एक अहम हिस्सा हैं और उनकी खुशी भी हमारी जिम्मेदारी है।कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गों के बीच फल, जूस, भुजिया,हॉर्लिक्स,मिक्सर,मिठाइयां और अन्य सामग्री वितरण से की गई। यूथ विंग के सदस्यों ने बड़े ही आदर और स्नेह के साथ सभी बुजुर्गों के साथ बातचीत की,उनके हालचाल पूछे और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी ने मिलकर दीया जलाया,जिससे पूरा वातावरण दिवाली की रौनक से जगमगा उठा।
दीपों की रोशनी के बीच बुजुर्गों के चेहरों पर एक अलग ही खुशी और उमंग देखने को मिली। यूथ विंग के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ फुलझड़ी जलाने का आनंद लिया और उनके चेहरों पर आने वाली हर मुस्कान के पल को संजोया। बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा किए और दिवाली के पुराने किस्से सुनाए, जिससे सभी का मन भावुक हो गया।
हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक ने इस मौके पर कहा, दिवाली का असली मतलब सिर्फ घरों को रोशनी से सजाना नहीं, बल्कि उन लोगों के जीवन में भी उजाला भरना है जो हमारे प्यार और देखभाल के हकदार हैं। हमारी यह छोटी सी कोशिश है कि इन बुजुर्गों के साथ खुशियां बांटें और उन्हें अपनेपन का अहसास दिलाएं। समाज के हर वर्ग के बीच त्योहार की खुशी बांटने का यह प्रयास हमें आत्मसंतोष और प्रेरणा देता है।हजारीबाग यूथ विंग ने समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह समाज के हर वर्ग को साथ लेकर कार्य करते रहेंगे। बुजुर्गों के चेहरों पर आई यह मुस्कान यूथ विंग के सभी सदस्यों के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार साबित हुई और इस आयोजन ने उन्हें आगे और भी ऐसे कार्यक्रम करने की प्रेरणा दी।मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन,सचिव संजय कुमार, सहसचिव डॉक्टर बी वेंकटेश, कोषाध्यक्ष रितेश खण्डेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य शंपा बाला,उदित तिवारी एवं प्रिंस कसेरा सहित कई लोग मौजूद थे।





