झारखंड की राजधानी रांची में लगातार अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके के वर्दवान कंपाउंड राजस्थान गली का है।कंगन ज्वेलर्स नामक प्रतिष्ठान में दिनदहाड़े घुसकर तीन बदमाश तमंचे के बल पर नगदी समेत 28 लाख रुपए का जेवरात लूटा।लूट के तीनों बदमाश हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। लूट की घटना गुरुवार दोपहर की है।लूट करने वाले बदमाश उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गये।





मिली जानकारी के अनुसार तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे थे।उस समय संचालक प्रेम केडिया, पत्नी कला देवी केडिया, बेटा कमल केडिया और बहु दीपिका केडिया दुकान पर मौजूद थे। प्रेम केडिया के दुकान में साड़ी की भी बिक्री होती है। तीनों बदमाश दुकानदार को साड़ी दिखाने को कहा। साड़ी देखने के दौरान अचानक दो बदमाश उठे और प्रेम केडिया और कमल की कनपटी पर तमंचा लगा दिया।वहीं एक अन्य बदमाश चाकू लहराते हुए धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में लूटपाट शुरू की। बदमाशों ने दुकान में रखा तीन सौ ग्राम सोना, सोने और चांदी के आभूषण के अलावा 50 हजार नगदी को बोरे में भरकर बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी अंशुमन, सिटी डीएसपी दीपक कुमार, लालपुर थाना प्रभारी राजीव रंजन, कोतवाली थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, एसआई माजिद आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।





घटना को अंजाम देने के दौरान बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके।बदमाशों ने कैमरे का डीबीआर और संचालक का मोबाइल भी छीन लिया।





घटना के बाद पहुंची पुलिस की टीम उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा से फुटेज खंगाला। जिसमें यह दिख रहा है कि एक ही बाइक पर तीन बदमाश सवार होकर नगड़ा टोली के रास्ते से जा रहे हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि ओरमांझी टोल प्लाजा से भी तीन बदमाश गुजरे हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि तीनों बदमाश रामगढ़ इलाके के हैं।