जमशेदपुर।कदमा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही छिनतई की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मिली गुप्त सूचना के आधार पर नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिनतई किया हुआ कई मोबाइल, चांदी के गहने और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद किया है। पता चला है कि क्षेत्र में एक गिरोह के द्वारा छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। जिसके सदस्य बिष्टुपुर, सोनारी, मानगो समेत अन्य थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। वहीं गिरोह द्वारा लगातार घटना को अंजाम दिए जाने से पुलिस की भी नींद उड़ गई थी।





गिरफ्तार नाबालिक के बारे में बताया जा रहा है कि वह मानगो का रहने वाला है और रांची स्थित सेंट जेवियर कॉलेज में इंटर की पढ़ाई कर रहा है।जहां से छुट्टियों में शहर आने के बाद वह गिरोह के साथ मिलकर छिनतई करने लगा। उसके पिता साकची स्थित पेट्रोल पंप में कर्मचारी है। जबकि मां बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है।





पूछताछ में नाबालिक ने पुलिस को बताया कि छिनतई किए हुए सोने-चांदी के गहने उसने अपनी मां को ले जाकर बेचने के लिए दिया था। वहीं जब पुलिस ने उसकी मां से इस बारे में पूछताछ की तो वह साफ मुकर गई।





बता दें कि इस गिरोह ने कदमा थाना क्षेत्र के साथ साथ अन्य थाना क्षेत्रों में भी छिनतई की घटना को अंजाम दिया है। जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 2 से 3 दिनों के अंदर ही मामले का खुलासा करेगी।