रांची से ऑर्गेनिक सब्जियां की सौगात लेकर लेह पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री,भारत चीन सीमा पर जवानों संग मनाई दीपावली





राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों को दी श्रद्धांजलि,कहा- आपके कारण ही सुरक्षित है हमारे देश की सीमाएं





आप सीमाओं का ध्यान रखें, देश आपके परिवार का ध्यान रखेगा:संजय सेठ





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। रक्षा राज्य मंत्री रांची सांसद संजय सेठ ने मंगलवार को भारत चीन सीमा पर स्थित लेह सैन्य चौकी में जवानों के साथ दीपावली मनाई। उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व रक्षा राज्य मंत्री मंगलवार सुबह लेह में रेजांग ला युद्ध स्मारक पहुंचे। वहां भारत के लिए बलिदान हुए वीर जवानों को पुष्प चक्र चढ़ाकर, अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत की तरफ से उन्हें नमन किया।इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने उस दुर्गम क्षेत्र में तैनात सेना के जवानों के साथ संवाद भी किया।संवाद कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री ने उनसे बातचीत की और कुशल क्षेम पूछा और देशवासियों की तरफ से उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी।





इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि ऐसे दुर्गम क्षेत्र में मां भारती के लिए आपका समर्पण,हमारी सीमाओं की रक्षा के लिए आपका त्याग और बलिदान हर देशवासी के लिए प्रेरणा देने वाला है। संवाद कार्यक्रम के दौरान ही रक्षा राज्य मंत्री ने सेवा के जवानों को बुढ़मू के किसान उत्पादक कंपनी द्वारा प्राकृतिक तरीके से उपजाई गई सब्जियां भेंट स्वरूप प्रदान की। वहीं सेना के जवानों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनसे कहा कि पूरा देश आपका परिवार है।आप सीमाओं का ध्यान रखें, हम आपके परिवार का ध्यान रखेंगे।





कार्यक्रम के उपरांत संजय सेठ ने कहा कि हड्डियां गला देने वाली सर्दी में भी भारत की सीमाओं को अभेद्य बनाने वाले लेह में तैनात वीर जवानों के साथ दीपावली की खुशियां बांटने का अनुभव शानदार रहा।हमारे वीर जवानों के त्याग और कर्त्तव्यपरायणता के कारण आज देश का कोना- कोना सुरक्षित और निर्भीक होकर दीपावली मना रहा है। अंधकार पर प्रकाश के इस विजय पर्व की भारत के के समस्त बहादुर सैनिकों और देशवासियों को बधाई और अनंत शुभकामनाएं देता हूं।