रांची।भाजपा नेत्री रही नुपूर शर्मा का मुहम्मद पैगम्बर को लेकर दिए विवादित बयान के बाद शुक्रवार को जुमे के बाद राजधानी रांची में जमकर पथराव और हिंसा हुई।राजधानी के मेन रोड में हुए हिंसक उपद्रव का सीधा असर लोगों की यात्रा पर पड़ा है। रांची जिला प्रशासन द्वारा 12 थानों में धारा 144 लागू करने से सड़कों पर वाहन नहीं चल रहे हैं।अनहोनी के खौफ से लोग घरों के अंदर पैक हो ग‌ए हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।खौफ का आलम ये है कि लोगों ने अपनी यात्रा रद करना शुरू कर दिया हैं।इसका सीधा असर प्लेन, ट्रेन और बस पर पड़ा है। लोगों ने बड़ी संख्या में यात्रा का टिकट कर दिया है।





रांची रेलवे स्टेशन और हटिया रेलवे स्टेशन पर सुबह से यात्रियों की भीड़ और दिनों की तुलना में शनिवार को बहुत कम रही। बताया गया कि दस फीसद यात्रियों ने अपना टिकट रद करा दिया है।अनारक्षित टिकट काउंटर पर भी यात्रियों की भीड़ कम रही।रिजर्वेशन टिकट काउंटर पर स्थित पहले की तरह सामान्य रही।इंटरनेट सेवा प्रभावित रहने से कई यात्री अपना टिकट नहीं कटा सके और उन्हें काउंटर पर ही जाकर टिकट कटाना पड़ा।यात्रियों को टिकट कैंसिलेशन को लेकर परेशानी हुई।खासकर नेट वालों को ज्यादा परेशानी हुई। जबकि काउंटर से टिकट कटाने वाले यात्रियों को टिकट लेकर स्टेशन जाना पड़ा। बस सेवाएं ठप होने से कई यात्रियों को पैदल ही अपने घरों से स्टेशन तक जाना पड़ा। कुछ लोग अपने निजी वाहनों से स्टेशन गए।





यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन से शनिवार को 15 मिनट देरी से ट्रेन को रवाना किया, ताकि यात्रियों की ट्रेन नहीं छूटे। मेन रोड रांची में यातायात बाधित होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल द्वारा रांची स्टेशन से प्रस्थान करने वाली ट्रेनों को अपने निर्धारित समय से विलंब से खोला गया। इससे जो यात्री यातायात की बाधा की वजह से समय से स्टेशन नहीं पहुंच सके, उनकी ट्रेन नहीं छूटे। रांची रेल मंडल से रेल सेवा में कोई बाधा नहीं हुई तथा परिचालन समान्य रहा।





बस स्टैंड पर भी अन्य दिनों की तुलना में यात्रियों की भीड़ कम रही। खादगढ़ा बस स्टैंड पर आम दिनों की तुलना में 40 फीसदी कम यात्री बस स्टैंड पर पहुंचे।बरहाल सभी तरह की बसों का परिचालन जारी है।खौफ के कारण यात्रियों की संख्या कम रही। बताया गया कि कई यात्रियों ने आज यात्रा स्थगित कर दी है। बस संचालकों के अनुसार 40 फीसदी यात्रियों ने यात्रा रद कर दी है। देर शाम अन्य प्रदेशों के लिए खुलने वाली बसों पर इसका सर्वाधिक प्रभाव पड़ा है। विभिन्न जिलों के लिए यहां से खुलने वाली बसें तो यहां घंटों यात्रियों के लिए खड़ी रहीं। बहुत कम यात्री ही इन बसों में नजर आए।





भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची का भी बुरा हाल रहा। बताया गया कि करीब दस फीसदी यात्रियों ने अपना टिकट रद करा दिया है। अन्य जिलों से रांची आने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों ने यह कदम उठाया है। रांची के कई यात्री सड़क पर पसरे तनाव को देखते हुए घरों से बाहर नहीं निकलना चाह रहे हैं। संभव है कि जबतक हालात सामान्य नहीं हो जाते लोग घरों से निकलना पसंद नहीं करेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, विमानों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। हां, यात्रियों की संख्या में कमी जरूर आई है। सभी विमान निर्धारित समय से उड़ान भर रहे हैं।