प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के निर्देशानुसार 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा के आयोजन को लेकर प्रखंड प्रशासन की तैयारी जोर -शोर के साथ जारी है।





जानकारी देते हुए बीडीओ रंथु महतो ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के दौरान ग्राम स्तर पर ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के कार्य क्रियान्वित किए जाएंगे।जहां गांवों में मौजूद संरचनाओं के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। विदित हो कि स्वच्छता पखवाड़ा में ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के अतिरिक्त गोबरधन, प्लास्टिक,मलीय व माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के कार्य अभिसरण के आधार पर किया जाना है। इसके लिए मनरेगा व 15वें की राशि मद में भी प्रावधान को शामिल किया गया है।





आपको बता दें विभिन्न विभागों के बेहतरीन समन्वय व क्रियान्वयन के आधार पर राज्य सरकार को खुले में शौचमुक्त करने का (ओडीएफ )दर्जा प्राप्त हो चुका है। 29 अप्रैल को जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजन के साथ ही 2 मई को प्रखंडस्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया जाएगा। जहां 3 मई को श्रमदान संग्रहण व पृथक्कीकरण,4 मई को स्वच्छता रैली एवं रात्री चौपाल,5 से 10 मई तक ग्राम स्तरीय ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन तथा संरचनाओं का निर्माण,11 मई को विशेष ग्राम सभा, 12 मई को विद्यालय स्तर पर स्वच्छता प्रबंधन को लेकर चर्चा व प्रतियोगिता का आयोजन, 13 मई को ओडीएफ प्लस घोषित गांव के पूर्व की तैयारी तथा 15 मई को जिला स्तरीय कार्यक्रम में चयनित गांवों को ओडीएफ घोषित किया जाएगा।