अयोध्या।रामलला की नगरी अयोध्या पिछले काफी समय से सुर्खियों में है।महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे के पांच जून के दोरे को लेकर यहां पर सियासी पारा चढ़ता ही जा रहा है।केसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के बाहुबली सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे के अयोध्या दौरे के विरोध में जबरदस्त मोर्चा खोल रखा है।भाजपा सांसद का कहना है कि मनसे ने हमेशा उत्तर भारतीयों का विरोध किया है और उनका उत्पीड़न किया है,जिसका वो विरोध कर रहे हैं।भाजपा सांसद ने राज ठाकरे को खुली चुनौती दी है कि बिना माफी मांगे वो अयोध्या में नहीं घुस पाएंगे।उनकी इस चेतावनी की गूंज अब रामलला की नगरी अयोध्या के हर मंदिर और मठ में चर्चा का विषय बनी हुई है।अब भाजपा सांसद को इकबाल अंसारी का साथ मिल गया है।
भाजपा सांसद को मिला इकबाल अंसारी का साथ
आपको बता दें कि रामलला की नगरी अयोध्या के जितने मठ मंदिर के महंत पीठाधीश्वर हैं सभी का समर्थन और आशीर्वाद भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को मिल रहा है और राज ठाकरे का विरोध साफ दिखाई दे रहा है।भाजपा सांसद भी रामलला की नगरी अयोध्या के संत, महंत और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मिलकर राज ठाकरे के विरोध में समर्थन जुटा रहे है। बृजभूषण शरण ने बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी से मिलने पहुंचे और मुलाकात के बाद इकबाल अंसारी ने भी उनका समर्थन करने की बात कही है।
इकबाल अंसारी ने कही बड़ी बात
बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भाजपा सांसद के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ने कहा कि एक तरफ अयोध्या के प्रवेश द्वार पर साधु संत और भाजपा सांसद राज ठाकरे को अयोध्या की सीमा में घुसने नहीं देंगे तो दूसरी तरफ अयोध्या के पश्चिम प्रवेश द्वार पर मैं अपने मुस्लिम भाइयों के साथ राज ठाकरे का विरोध करूंगा।हम साधु संतों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।अयोध्या आने से पहले राज ठाकरे माफी मांगे और उसके बाद अयोध्या आने पर सरयू स्नान करें तभी उनको अयोध्या में प्रवेश दिया जाएगा।इतना ही नहीं इकबाल अंसारी ने कहा कि सांसद बृजभूषण शरण सिंह भगवान राम के वंशज हैं और उत्तर प्रदेश की जनता के मसीहा भी हैं।





