सरकारी स्कूल के छात्रों में भी प्रतिभा की कमी नहीं : ओम प्रकाश गुप्ता
ब्यूरो प्रमुख
चाईबासा। प्रशिक्षु आइएएस सह सहायक समाहर्ता ओम प्रकाश गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार सील ने शनिवार को नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के बच्चों को ऊनी वस्त्र (स्वेटर) प्रदान किया। इस सम्बंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के अनुरोध पर हर बर्ष एसआर रूंगटा ग्रुप के सौजन्य से नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के बच्चों को ऊनी वस्त्र (स्वेटर) प्रदान किया जाता है। इसके लिए समस्त विद्यालय परिवार रूंगटा ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त करता है। सर्दी के इस मौसम में सरकार द्वारा निर्धारित मापदण्ड के तहत स्वेटर मिलने से बच्चे काफी खुशी महसूस कर रहे थे।
स्वेटर वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए प्रशिक्षु आइएएस सह सहायक समाहर्ता ओम प्रकाश गुप्ता ने अपने छात्र जीवन की याद ताजा करते हुए बच्चों को बताया कि वे स्वयं कक्षा एक से बारह तक सरकारी विद्यालय के छात्र रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आईआईटी से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे बतौर शिक्षक भी अपनी सेवा दे चुके हैं और इस कारण वे जानते हैं कि एक शिक्षक का क्या कर्तव्य है और उन्हें किस प्रकार बच्चों को पढ़ाना है? उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के बेहतर तरीके से भी अवगत कराया और अनुशासन एवं खान-पान पर भी ध्यान देने को कहा।उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से भी आह्वान किया कि वे बच्चों को रटंत विद्या न देकर बिषयवस्तु को समझाने पर बल दें।
जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार सील ने भी बच्चों को संबोधित किया। विद्यालय के बेहतर माहौल के लिए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की और विद्यालय की बेहतरी के लिए विभागीय स्तर पर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व विद्यालय की शिक्षिका अलका किरण एवं मिनाक्षी सहाय ने क्रमशः मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।





