लखनऊ।ओडिशा में शुरू हो रहे मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2023 की ट्रॉफी 47 साल बाद 12 दिसंबर को सूबे की राजधानी लखनऊ पहुंचेगी।मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ खुद ट्रॉफी अगवानी करने के लिए मौजूद रहेंगे।इस मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।





ओडिशा में 13 जनवरी से हो रहा प्रतियोगिता का शुभारंभ





ओडिशा में 13 जनवरी 2023 से मेंस हॉकी वर्ल्ड कप प्रतियोगिता का शुभारंभ हो रहा है।इससे पहले ट्रॉफी अपने देशव्‍यापी दौरे पर है।इसी कड़ी में रांची से चलकर यह ट्रॉफी 12 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी।खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि विश्वकप टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ट्रॉफी देश के कई हिस्सों में जा रही है। इसके तहत विश्वकप के लिए पूरे देश में वातावरण तैयार किया जा रहा है।विश्वकप ट्रॉफी रांची से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेगी।





राजधानी में होगा भव्य आयोजन, ट्रॉफी के साथ सेल्‍फी ले सकेंगे खेल प्रेमी





मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद ट्रॉफी की अगवानी करने के लिए मौजूद रहेंगे।इस दौरान शहर में एक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।आयोजन में मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।इसके बाद यह ट्रॉफी केडी सिंह बाबू स्टेडियम लाई जाएगी।यहां से लुलु मॉल जाएगी और यहां इसे खेल प्रेमी देख सकेंगे।भारतीय टीम के लिए शुभकामना संदेश भी लिखे जाएंगे।ट्रॉफी के साथ सेल्‍फी भी ले सकेंगे। इसके लिए अलग से व्‍यवस्‍था की गई है।





1975 में पहली बार लखनऊ आई थी ट्रॉफी





ओडिशा में शुरू हो रहा पुरुष हॉकी विश्व कप 13 से 29 जनवरी तक चलेगा।यह ट्रॉफी 21 दिन के सफर में 13 राज्यों और एक केंद्रशासित राज्य से गुजरेगी। 1975 में लखनऊ पहली बार ट्रॉफी आई थी।मलेशिया में हुए विश्वकप में अजीत पाल सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 2-1 गोल से हराकर विश्वकप जीता था।





सितारों की तरह खिलाड़ियों का हुआ था स्वागत





उस समय स्पोर्ट्स काउंसिल के निदेशक केडी सिंह बाबू ने पूरी भारतीय टीम को लखनऊ बुलाया था।टीम का सेंट्रल स्टेडियम, जिसका नाम अब केडी सिंह बाबू स्टेडियम है, वहां सम्मान किया गया था। इसमें खिलाड़ियों को एक-एक स्कूटर उपहार में दिया गया था। विजयी गोल दागने वाले अशोक कुमार का सितारों की तरह स्वागत किया गया था।





भारत का पहला मुकाबला स्पेन से





मेजबान भारत पुरुष विश्वकप हॉकी में अपना शुरुआती मैच प्रतियोगिता के पहले दिन 13 जनवरी को अपने से कम रैंकिंग के स्पेन के खिलाफ नवनिर्मित बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, राउरकेला में खेलेगा।विश्व रैंकिंग में पांचवे नंबर पर काबिज तोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता भारत को इंग्लैंड (विश्व रैंकिंग छह), स्पेन (विश्व रैंकिंग आठ) और वेल्स (विश्व रैंकिंग 16) के साथ पूल डी में रखा गया है।