लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की राजनीति में इस बार किन्नर भी ताल ठोकेंगे।किन्नर प्रियंका सिंह ने इस बार लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में चुनावी राजनीति में उतरने का ऐलान किया है।प्रियंका सिंह ने भारतीय जनता पार्टी से टिकट मांगा था,लेकिन टिकट नहीं मिला।भाजपा से टिकट न मिलने पर प्रियंका सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।





कौन हैं प्रियंका सिंह किन्नर





प्रियंका सिंह ट्रांसजेंडर हैं और एक समाज सेवी के साथ मॉडल और एक्ट्रेस भी हैं।प्रियंका सिंह किन्नर प्रदेश स्तर पर किन्नर समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं।प्रियंका ने लखनऊ में नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। 19 दिसंबर से प्रियंका हजरतगंज से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगी।





भाजपा से नहीं मिला टिकट,निर्दलीय लड़ेंगी चुनाव





बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब नगर निकाय चुनाव में मेयर बनने के लिए कोई किन्नर प्रत्याशी ने चुनावी मैदान उतरने का ऐलान किया हो।प्रियंका ने भाजपा से टिकट मांगा था।भाजपा से टिकट न मिलने पर प्रियंका ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।प्रियंका ने कहा कि वह नगर निगम से जुड़े सभी कर्मचारियों की समस्या का समाधान का मुद्दा लेकर जनता के बीच जाएंगी। इसमें कर्मचारियों को वेतन समय पर मिलना, शहर को साफ सुथरा बनाने पर भी उनका ध्यान होगा।





किन्नर समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेंगी प्रियंका





किन्नर प्रियंका सिंह का कहना है कि अगर वह लखनऊ की मेयर बनती हैं तो किन्नर समाज को भी मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेंगी और उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी। प्रियंका ने कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों के पीएफ में हुए घोटाले की जांच की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। पीएफ का पूरा पैसा कर्मचारियों के खाते में डाला जाएगा।