लखीमपुर खीरी।उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया कांड में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस बीच तिकुनिया हिंसा मामले के मुख्य गवाह प्रभजोत सिंह और उसके छोटे भाई सर्वजीत सिंह पर बीती रात धारदार हथियार से हमला किया गया।इस हमले में सर्वजीत को गंभीर चोटे आई हैं।हमले का आरोप आशीष मिश्रा और उनके करीबियों पर लगाया गया है।
हमले में घायल प्रभजोत सिंह का कहना है कि वह अपने भाई सर्वजीत के साथ तिकुनिया गया था।इस दौरान तीन लोगों ने उनपर तलवार से हमला कर दिया।हमले में घायल सर्वजीत के सिर में कई टांके लगे हैं।प्रभजोत ने आरोप लगाया है कि लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा के करीबियों ने हमला किया है।इस हमले को लेकर प्रभजोत ने तिकुनिया थाने में शिकायत भी की है,जहां उसने आशीष मिश्रा का नाम लिखाया है।
प्रभजोत सिंह पर हुए हमले को लेकर पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि यह दो गुटों के बीच आपसी रंजिश का मामला है।इस घटना का लखीमपुर खीरी कांड से कोई संबंध नहीं है।एसपी ने बताया कि तिकुनिया थाने में मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है।साथ ही घायल का इलाज भी कराया गया है।मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि तिकुनिया कांड में एडीजे कोर्ट ने आशीष मिश्रा समेत अन्य आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं।अब इसके खिलाफ गवाहों की पेशी होगी और मामले में आगे सुनवाई चलेगी।मामले में 16 दिसंबर को अभियोजन पक्ष कोर्ट में सबूत पेश करेगा।इससे पहले सोमवार को कोर्ट ने आशीष मिश्रा समेत अन्य आरोपियों की खुद को बेगुनाह बताने वाली याचिका को खारिज कर दिया था।साथ ही 6 दिसंबर को कोर्ट ने आरोप तय करने की तारीख निर्धारित की थी।





