विशेष संवाददाता,रांची। लोकहित अधिकार पार्टी झारखंड इकाई की प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता मिलन समारोह राजधानी रांची के बोड़ेया चौक स्थित गोल्डेन वैंक्वेट हाॅल में आयोजित की गई।समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने किया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश प्रभारी डाॅ.जगन्नाथ प्रसाद एवं विशिष्ट अतिथि बिहार के पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय कानु की उपस्थिति रही।





भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा झारखंड के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी मोहम्मद अजहर आलम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ लोकहित अधिकार पार्टी में शामिल हुए।मोहम्मद आलम ने कहा कि भाजपा दोहरी चरित्र वाली पार्टी है। आम जनता के ज्वलंत समस्याओं पर बात नहीं करती। मंहगाई , बेरोजगारी , आरक्षण ,जात आधारित जनगणना , सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भाजपा मौन है।उन्होंने कहा कि लोकहित अधिकार पार्टी में रहकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ूंगा।





मुख्य अतिथि डाॅ. जगन्नाथ प्रसाद ने कहा कि ओबीसी का शोषण लगभग सभी पार्टियां कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू के कुशल नेतृत्व में झारखंड की धरती पर हमारी पार्टी इन सभी के लिए पूरी निष्ठा से संघर्ष करती रहेगी। विशिष्ट अतिथि अजय कानु ने कहा कि सामाजिक न्याय किये बिना देश को विश्व गुरु बनाने की बात करना सरासर धोखा है। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में लड़ी जा रही सामाजिक न्याय की लड़ाई में मेरा पूरा सहयोग है और रहेगा।





झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि मोदी सरकार की तरह हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने भी ओबीसी के आरक्षण पर कुठाराघात किया है।ओबीसी को भी जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण दिलाने , क्रीमिलेयर को समाप्त कराने और जात आधारित जनगणना कराने के लिए लोकहित अधिकार पार्टी के तत्वावधान में आंदोलन किया जाएगा।





समारोह को खूंटी जिलाध्यक्ष कुमार ब्रजकिशोर , चाईबासा जिलाध्यक्ष धरमेंद्र कुमार साह , चतरा जिला संयोजक संजय स्नेही , कोडरमा जिला संयोजक किशोर साव , गिरिडीह जिला संयोजक भागवत साह , रामगढ़ जिला संयोजक नंद किशोर प्रसाद , हजारीबाग जिला संयोजक कुंज बिहारी साहू और रांची जिला संयोजक डाॅ. दानेश्वर प्रसाद ने भी सम्बोधित किया।