चतरा।झारखंड के कई इलाकों में इस समय हाथियों ने उत्पात मचा रखा है।धान की फसल चट करने के लिए हाथियों का झुंड गांवों में घुस आ रहा है।चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड में जंगली हाथियों का वीडियो बनाना एक युवक को महंगा पड़ा। युवक को वीडियो बनाता हुआ देखकर हाथी भड़क गए और उसे पटक-पटक कर अधमरा कर डाला।ग्रामीण युवक को फौरन रेफरल अस्पताल सिमरिया ले गए,जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सिमरिया प्रखंड के चंदिया गांव की है।गांव में इन दिनों जंगली हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं।गुरुवार अहले सुबह जंगली हाथियों का झुंड चंदिया गांव में घुस आया।हाथियों ने खेतों में खड़ी फसलों को रौंद डाला। पेड़ पौधों को उजाड़ दिया।हाथियों के इस उत्पाद को देखते हुए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गई।इसी बीच चंदिया गांव के विनोद दांगी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के लिए हाथियों के पास जाकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया।इसके बाद हाथी भड़क उठे और विनोद को उठा उठाकर पटका।ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए हाथियों को बड़ी मुश्किल से खदेड़ पाए और युवक की जान बचाई।विनोद की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।हर कोई विनोद की हालत को लेकर चिंतित और परेशान है। अस्पातल में डाक्टर विनोद की जान बचाने में लगे हुए हैं।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। हाथियों के उत्पात से बचने के लिए ग्रामीणों को मशाल और पटाखे सौंपे गए हैं।हाथियों का झुंड अभी भी गांव के आसपास ही मौजूद है।





