धनबाद।महताब आलम उर्फ नन्हे हत्या मामले में सोमवार को वासेपुर का कुख्यात प्रिंस खान का भाई गोडविन खान उर्फ शौकत और हीरा ड्राइवर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।पुलिस दोनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।गोडविन की अग्रिम जमानत याचिका जिला सत्र न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय तक खारिज हो चुकी थी।सोमवार को गुपचुप तरीके से दोनों न्यायालय पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया।
न्यायालय में आरोपियों के अधिवक्ता उदय भट्ट ने दोनों की जमानत की मांग की। सीजेएम ने जमानत को ठुकरा दिया। बीते साल 24 नवंबर को दिन-दहाड़े वासेपुर में नन्हे को गोलियों से छलनी कर दिया गया था।इस मामले में नन्हे खान के भाई अल्ताफ आलम उर्फ रूमी की शिकायत पर प्रिंस खान, उसके भाई गोपी खान, गोडविन खान, बंटी खान, शम्मी, इरफान मुखिया, हैदर खान, हीरा ड्राइवर, भोमा रजा, डिक्की, अनवर एवं डिम्पी को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। प्रिंस खान के भाई बंटी खान को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। गोडविन के आत्मसमर्पण की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने न्यायालय परिसर में उसे दबोचने के लिए घेराबंदी की थी, लेकिन दोनों पुलिस के हाथ नहीं लगे।
नन्हे की हत्या के बाद से प्रिंस खान धनबाद पुलिस के लिए गले की फांस बन चुका है। प्रिंस बार-बार वीडियो वायरल कर कारोबारियों को धमका रहा है। प्रिंस ने नन्हे की हत्या के दिन ही वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली थी। प्रिंस का भाई गोपी खान भी शातिर अपराधी है।धनबाद पुलिस गोपी और प्रिंस को नहीं पकड़ पा रही है। धनबाद से लेकर बंगाल-बांग्लादेश बॉर्डर, बिहार के औरंगाबाद और यूपी के कई ठिकानों पर दोनों भाइयों की तलाश में छापेमारी हो चुकी है।
वासेपुर में रमजान खास कर ईद के आसपास अनहोनी घटनाओं का काला अतीत रहा है। ऐसे में ईद के ठीक एक दिन पहले गोडविन के आत्मसमर्पण से वासेपुर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। चर्चाओं के बीच पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। प्रिंस खान के विरोधी से लेकर कारोबारी भी गोडविन के आत्मसमर्पण के मायने निकालने में जुटे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि लगातार दबिश के कारण गोडविन को आत्मसमर्पण करना पड़ा।





