प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। कोयलांचल क्षेत्र में लेवी वसूली को लेकर दहशत फैलाने वाला कुख्यात आपराधिक संंगठन टीपीसी का एरिया कमांडर समेत दो सहयोगियों को पुलिस ने हथियारों व दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। वहीं इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पिछले बीस दिनों पूर्व पिपरवार थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह कोलवरी में हुई गोलीबारी कांड का उद्भेदन भी कर दिया है।





मामले में शनिवार को एसपी राकेश रंजन ने एसडीपीओ कार्यालय टंडवा में प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि पिछले 6 मई को पूर्णाडीह परियोजना क्षेत्र में मैथन पॉवर के लिफ्टर बिनोद गिरी को तीन अपराधियों ने गोली मारकर ज़ख्मी कर दिया था,जिसपर घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष कार्यबल डीएसपी शंभू कुमार सिंह के नेतृत्व में पिपरवार थाना के पुअनि गोविंद कुमार, पुअनि रुपेश महतो,पुअनि आनंद खण्डैत व अन्य रिजर्व गार्डों के साथ गठन किया गया,जिसने तकनीकी साक्ष्यों व मजबूत सूचना तंत्र के बदौलत त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त रांची जिला के खलारी थाना स्थित गुलजार बाग (लालघोडा) निवासी टीपीसी का एरिया कमांडर छोटन तुरी ऊर्फ बादल ऊर्फ अभय जी पिता टिनु तुरी, सक्रिय सदस्य छपरा जिला के बनियापुर थाना स्थित सरनी निवासी 44 वर्षीय राकेश सिंह उर्फ मोहनिश पिता ब्रह्मा सिंह तथा मो. ताकिर उर्फ बम्बईया पिता अब्दुल रऊफ ग्राम चोपेडीह ,मुरपा (लातेहार) को विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से इटली मेड पिस्टल 1, यूएसए निर्मित पिस्टल 1,देशी कट्टा 1, जिंदा गोली 17, मैगजीन 1, पांच मोबाइल, एयरटेल वाईफाई 2, बिना नंबर का पल्सर मोटरसाइकिल 1 तथा कोल व्यवसायियों का नाम व पता संबंधित डायरी को जब्त किया गया है। वहीं पिपरवार थाना में उक्त मामले को लेकर कांड संख्या 26/2023 दर्ज की गई थी,जिसपर आरोपियों के विरुद्ध अपराध व साक्ष्यों के आधार पर कांड संख्या 28/2023 में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत शनिवार को मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।





एसपी राकेश रंजन ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के स्वीकारोक्ति बयानों व साक्ष्यों के आधार पर उनको समर्थन व सहयोग देने वाले कई सफेदपोशों का सत्यापन किया जा चुका है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है।