पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पत्थलगड़ा/चतरा। झारखण्ड विधानसभा के पहले चरण के चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। पुलिस प्रशासन ने अपने प्रयास काफी तेज कर दिए हैं और सूचना तंत्र को भी काफी मजबूत बनाया है।





विधानसभा चुनाव से पूर्व विधि-व्यवस्था व शांति बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए मंगलवार को पत्थलगड़ा थाना के बरवाडीह, पत्थलगड़ा, गांधी चौक, गुंजरी गेट, मिलन चौक, सिंघानी चौक, लेम्बोइया समेत अन्य स्थानों पर पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पत्थलगड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी कलिंद्र साहू, पत्थलगड़ा अंचल अधिकारी उदल राम और पत्थलगड़ा थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी कर रहे थे। फ्लैग मार्च में शामिल जवान, अधिकारी व पदाधिकारीयों ने विभिन्न चौक-चौराहे, गली-मोहल्ले का भ्रमण करते हुए लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।





इस दौरान अवैध साधनों के जरिए चुनाव पर प्रभाव डालने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बारे में भी अवगत कराया गया। बताया गया कि पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक बंदोबस्त करना शुरू कर दिया है। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को कानून का पालन करने की भी अपील की गयी है। बता दें कि आगामी झारखंड विधानसभा आम चुनाव का मतदान 13 नवंबर को होना है। जिसको लेकर विधि व्यवस्था, सुरक्षा एवं अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। भयमुक्त और निष्पक्ष रूप से चुनाव को लेकर फ्लैग मार्च सहित ऐसे अनेकों कार्य किए जा रहें हैं ताकि सभी आमजन शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान कर सकें।