प्रतिनिधि,जमशेदपुर।पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने जिला प्रशासन से पेशकश की है कि प्रशासन एक तटस्थ समिति बना दे तो साकची बसंत सिनेमा के पास स्थित विवाद की जड़ बना श्री हनुमान मंदिर का निर्माण वे अपने खर्चे से करा देंगे। साथ ही इसके लिए वे अपने बैंक खाता से 5 लाख रूपए देने के लिए भी तैयार हैं।अगर प्रशासन समिति बनाती है तो वे 5 लाख रूपए का चेक समिति को सौंप देंगे।
उन्होंने कहा कि श्री हनुमान मंदिर के निर्माण का विवाद हिंदू उत्सव समिति और सनातन उत्सव समिति के बीच है। सनातन उत्सव समिति में दबंग लोग हैं। जिनपर जमशेदपुर शहर समेत आदित्यपुर में भी कई मुकदमे चल रहे हैं। ये लोग विवादास्पद निर्माण स्थल पर आतंक का वातावरण कायम कर रहे हैं। मंदिर निर्माण के नाम पर राजनीतिकरण और अपराधीकरण हो रहा है। प्रासंगिक मंदिर की जमीन टाटा लीज की है और जहां जनसुविधाएं टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) देती है। साथ ही कानून व्यवस्था का जिम्मा प्रशासन के ऊपर है। मंदिर निर्माण के लिए एक ऐसी समिति प्रशासन बना दें जिसमें टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट, टाटा स्टील यूआईएसएल और प्रशासन के प्रतिनिधि भी हों। ये समिति मंदिर के निर्माण करने के लिए ऐसा नक्शा बनवाएं जिससे पीपल का पेड़ भी बच जाए और सुंदर मंदिर भी बन जाए। जिसके लिए वे मंदिर निर्माण का खर्च वाहन करने के लिए तैयार हैं। इससे उनलोगों के मनसूबे भी नाकाम होंगे जो मंदिर निर्माण की आड़ में चंदा का व्यवसाय करना चाहते हैं।
सरयू राय ने वैसे लोगों को चिन्हित कर उनपर मुकदमा दायर करने की मांग भी की है।जिन्होंने पीपल पेड़ को काटने के लिए सूखा देने की साजिश की है। इन्होंने पीपल पेड़ की जड़ और तना को दो फीट कंक्रीट और कोट डालकर जामकर दिया है। ऐसा करना सर्वोच्च न्यायालय और एनजीटी के निर्देशों के विपरीत है। प्रशासन को चाहिए कि पीपल पेड़ के जड़ और तना से कंक्रीट की मोटी परत अविलंब हटवाए। ताकि पीपल पेड़ के सूखने का खतरा टल जाय।





