रांची।झारखंड की राजनीति में पटखनी देने का दौर जारी है।कोई डाल-डाल तो कोई पात-पात है।सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के पांच मंत्रियों के खिलाफ एसीबी को जांच करने का निर्देश दिया है।चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी, सारठ विधायक रणधीर सिंह, पूर्व शिक्षा मंत्री नीरा यादव, दुमका से पूर्व विधायक लुइस मरांडी और विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के खिलाफ एसीबी को पीई दर्ज करने का निर्देश दिया है।इन सबके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में पीई दर्ज किया जाएगा।





सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की तरफ जारी पत्र में बताया गया कि है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने इन पूर्व मंत्रियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की पुष्टि की है। सीएम सोरेन ने इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग को पीई दर्ज करने का निर्देश दिया है। पत्र के मुताबिक पंकज कुमार यादव बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य के संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग द्वारा पूर्ववर्ती सरकार के मंत्रियों के विरुद्ध आईआर दर्ज कर गोपनीय सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का अनुरोध एसीबी से किया गया था। एसीबी ने इसमें पूर्व मंत्री अमर बाउरी, रणधीर सिंह, नीरा यादव, लुइस मरांडी और नीलकंठ मुंडा के खिलाफ अलग-अलग पीई दर्ज करने की इजाजत मांगी है।





सीएम सोरेन ने जमीन का अवैध एलपीसी निर्गत कर निबंधन करने के आरोपी देवघर के तात्कालीन सीओ अमर प्रसाद, जयवर्धन कुमार और अवर जिला निबंधक राहुल कुमार चौके के खिलाफ भी एसीबी जांच का निर्देश दिया है।