वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक शराबी पति ने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसा मांगा तो पत्नी ने पैसा न होने की बात कही तो वो आग बबूला हो गया।उसने पत्नी को डंडे से पीटना शुरु कर दिया और तीन महीने के मासूम को पटककर मार डाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये दिल दहला देने वाली घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव की है। सोमवार देर शाम राजन जायसवाल ने पत्नी प्रीती से शराब पीने के लिए पैसा मांगा‌।प्रीती ने घर में पैसे न होने की बात कही तो इस पर वो भड़क गया और पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी।उसका पागलपन यहीं नहीं रुका अपने तीन महीने के मासूम बच्चे को पटक-पटककर बुरी तरह से घायल कर दिया।चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग घर में पहुंचे तो राजन घर से फरार हो गया। पड़ोसी महिला और बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।प्रीती की हालत गंभीर बनी हुई है।

पड़ोसियों ने बताया कि राजन जायसवाल के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी 9 वर्षीय आरुषि और 5 वर्षीय बेटा हर्षित है। राजन पेट्रोल-डीजल खरीदकर ब्लैक में बेचने की दुकान खोल रखी थी।राजन दुकान पर सुबह से ही शराब पीना शुरू कर देता था।शराब पीने के कारण दुकान में घाटा होने लगा।इस वजह से परिजनों ने राजन को दुकान पर बैठना बंद करा दिया।राजन सुबह से घर से निकल जाता था और गांव में घूमकर लोगों से रुपए मांगकर शराब पीता था।

थाना प्रभारी बड़ागांव जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपित को देर रात पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।बच्चे के मृत होने की जानकारी मिलने पर दादी बच्चे के शव को लेकर फरार हो गयी है।दादी की तलाश पुलिस कर रही है। शव को बरमाद कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।