प्रतिनिधि,जमशेदपुर।शनिवार जमशेदपुर हॉर्स राइडिंग स्कूल ने अपना पहला हॉर्स शो आयोजित किया। टाटा स्टील द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर, रांची और भुवनेश्वर से 57 राइडर्स ने भाग लिया। जिसका उद्घाटन टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील वाइस प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी के साथ प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किया। मौके पर रॉ मैटेरियल्स के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदररामम, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की वाइस प्रेसिडेंट अत्रेयी सान्याल और जमशेदपुर के प्रमुख हितधारक भी उपस्थित थे। वहीं भाग लेने वाले अश्वों में 9 थौरोब्रेड और 2 पोनीज (जंस्कारी पोनी ब्रेड) शामिल थे।
इन अश्वों को अच्छी तरह से प्रशिक्षित करने के साथ साथ अत्यधिक देखभाल के साथ रखा जाता है।इस शो का उद्देश्य प्रतिस्पर्धी राइडिंग से बच्चों का परिचय कराकर उन्हें तैयार करना था। साथ ही इसे एक वार्षिक कार्यक्रम बनाने की योजना भी है। खासकर युवा पीढ़ी के बीच जमशेदपुर शहर में घुड़सवारी को प्रोत्साहित करने के लिए हॉर्स राइडिंग स्कूल का उपयोग करना है। शो जंपिंग, हैक्स, टेंट पेगिंग और जिमखाना इवेंट जैसे पोल बेंडिंग रेस, लेमन स्पून रेस और बॉल एंड बकेट रेस आज के शो के मुख्य आकर्षण केन्द्र थे।
शो के दौरान कुल 12 कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें बच्चों के लिए कार्यक्रम और सभी आयु समूहों के लिए खुली प्रतियोगिताएं शामिल थी। धर्मेंद्र सिंह, ईएफआई सदस्य और जूरी ने शो में भाग लेकर इवेंट्स के लिए निर्णायक भूमिका भी अदा की। 90 के दशक की शुरुआती दौर में स्थापित जमशेदपुर हॉर्स राइडिंग स्कूल ने कई घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को तैयार किया है। जबकि हाल ही में स्कूल ने 2022 में चार पदक जीते हैं। राइडर शौर्य सिंह ने गाजियाबाद हॉर्स शो में एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीता था। इसी तरह एक अन्य राइडर हरनिका ने दिल्ली हॉर्स शो में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था।





