खूंटी।नाबालिग को चाकू के बल पर अगवा कर एक युवक द्वारा अपने घर में रखकर 10 दिन तक दुष्कर्म करने का अड़की थाना क्षेत्र में मामला सामने आया है। आरोपी युवक दिनेश हुन्नी पूर्ति पीड़िता का रिश्तेदार है और मुरहू का निवासी है। इस घटना को अंजाम देने के बाद उसने पीड़िता के भाई के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।उसका इलाज खूंटी के सदर अस्पताल में किया गया।

नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 11 अप्रैल को वो पड़ासू बाजार गई थी, जहां से सामान खरीदकर घर लौटते समय नदी के पास उसे दिनेश मिला। उसने जबरन अपने साथ चलने को कहा,विरोध करने पर उसने पॉकेट से छुरा निकाला और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपने घर ले गया। जहां जबरदस्ती उसने नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद अगले 10 दिनों तक उसे घर में बंद रखकर संबंध बनाता रहा और अंत में उसे रूंगडू गांव ले जाकर छोड़ दिया, जहां से वह अपने घर चली गई।उसके बाद भी दिनेश उसे बार-बार उठा ले जाने की धमकी दे रहा था। वहीं नहीं जाने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। उसने बात नहीं मानने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी।

नाबालिग जब अपने घर पहुंची तो उसके बाद दिनेश हुन्नी पूर्ति ने 20 दिसंबर को युवती के भाई के साथ जमकर मारपीट की। संयोग था कि गांव के कुछ लोग पहुंचे और उसकी जान बच गई। पीड़िता के भाई ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 20 दिसंबर को वह चलकद में आयोजित आपके अधिकार, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से एक साथी प्रभु सहाय सुकरा के साथ लौट रहा था।

इसी बीच मदहातू और पड़ासू के बीच दिनेश ने अपने दो अन्य साथियों समराय कंडीर निवासी कीतापीड़ी मुरहू और एतवा निवासी बरकेला के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर उसे ओवरटेक किया। रुकने पर उसने पीड़िता के भाई की बाइक से चाबी निकाल ली और छुरा निकालकर बोला कि मेरे खिलाफ दुष्कर्म और हथियार रखने का केस क्यों किया।

इसके बाद दिनेश ने उसे मारते-पीटते हुए डंडे से उसके माथे पर प्रहार किया। इस बीच प्रभु सहाय डरकर वहां से भाग निकला। मौके पर पड़ासू गांव के इश्हाक हेमरोम पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। तीनों लोग इश्हाक के साथ भी धक्का-मुक्की करने लगे तभी गांव के कुछ लोग वहां जमा हो गए । इसके बाद तीनों आरोपी वहां से भाग निकले।

पीड़िता के भाई से मारपीट के मामले में अड़की थाने में 21 दिसंबर को और पीड़िता को अगवा कर दुष्कर्म मामले में 22 दिसंबर को एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की।

इंस्पेक्टर शाहिद राजा के नेतृत्व में गठित टीम में मुरहू के दरोगा विक्रांत कुमार, अड़की के दरोगा पंकज कुमार दास, एसआई संदीप कुमार, रोहित कुमार समेत अड़की, मुरहू और खूंटी थाने के सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने छापेमारी कर नाबालिग के भाई से मारपीट करने के मामले में आरोपी दिनेश के साथी समराय कंडीर को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिनेश हुन्नी पूर्ति शादीशुदा होने के बावजूद नाबालिग से जबरन ढुकू विवाह करना चाह रहा था।