रांची।मांडर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रत्याशी के नाम का ऐलान हो चुका है।कांग्रेस ने बंधु तिर्की की बेटी शिल्पी नेहा तिर्की के नाम पर मुहर लगायी है।आज गुरुवार को रांची समाहरणालय में शिल्पी नेहा तिर्की अपना नामांकन करेंगी।नामांकन के दौरान झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे,झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की सहित मांडर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।





सदस्यता रद्द होने के बाद से खाली है सीट





आपको बता दें कि आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई कोर्ट ने विधायक बंधु तिर्की को सजा सुनायी है।सजा सुनाये जाने के बाद बंधु तिर्की की विधानसभा की सदस्यता खत्म हो गयी थी।इसके बाद चुनाव आयोग ने मांडर में उपचुनाव कराने का निर्णय लिया था।

बंधु तिर्की की सदस्यता रद्द होने की वजह से मांडर विधानसभा सीट खाली है।मांडर से पिछली बार कांग्रेस से सन्नी टोप्पो चुनाव लड़े थे,झाविमो के सिंबल पर बंधु तिर्की और भाजपा के सिंबल पर देवकुमार धान चुनावी मैदान में थे।चुनाव में बंधु तिर्की ने जीत हासिल की थी, लेकिन आज हालात बदले-बदले है।वर्तमान में पूर्व विधायक बंधु तिर्की कांग्रेस में हैं।पार्टी में कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं।





आय से अधिक संपत्ति का है मामला





राजधानी रांची के मांडर विधानसभा सीट से विधायक बंधु तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में CBI की स्पेशल कोर्ट ने 28 मार्च 2022 को दोषी पाते हुए तीन साल की सजा और 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था।मांडर विधानसभा सीट से बंधु तिर्की ने जेवीएम के टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद तिर्की कांग्रेस में चले गये।तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सीबीआई की विशेष न्यायाधीश की कोर्ट ने दोषी पाया था।तिर्की पर आय से अधिक 7.20 लाख रुपये संपत्ति अर्जित करने का आरोप सही पाया गया था।