प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साकची स्थित अग्रसेन भवन में सोमवार सामाजिक संस्था श्री राधा रानी मंडली एवं श्री राजस्थान कल्याण परिषद द्वारा संयुक्त रूप से श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। वहीं हरियाणा गुड़गांव से आए कथा वाचक शिव कुमार जालान ने अपने भावपूर्ण भजन पाठ से सभी भक्तों को रिझाया। इस दौरान उन्होंने कथा के माध्यम से शिव आराधना, स्वागत बरात, भीम विवाह, कन्यादान, श्री श्याम जन्मोत्सव, बधाई गीत, शीश का दान के साथ साथ श्री श्याम बाबा के स्वरूप का अलौकिक दर्शन भक्तों को कराया। खाटू श्याम की महिमा सुनकर श्रद्धालु आनंदित हो गए। साथ ही उन्होंने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देेकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। सब सखियां मंगल गाओ जी सब सखियां.... शिव पूजा का मन में विचार लाई आई अहिलावती तेरे द्वार आई... आदि भजनों पर एक पोशाक में राधा रानी मंडली की सदस्यों ने झूमते हुए नृत्य भी किया।





अखंड ज्योति ज्योति पाठ प्रातः 10.30 से आरंभ हुआ। जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया और जो शाम 8 बजे तक चला। श्री श्याम भक्ति में रमे अग्रसेन भवन में श्रद्धालुओं ने बाबा श्री श्याम का जोरदार जयकारा भी लगाया। वहीं सुबह 9 बजे यजमान नीतू-कमलेश मोदी ने पूजा कर ज्योत प्रज्जवलित किया। जिसके बाद पुजारी मुन्ना पंडित ने पूजा कराई। साथ ही सबको रक्षा सूत्र भी बांधा। श्री खाटू श्याम अखंड ज्योति के दर्शनों के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। श्याम महोत्सव में श्याम बाबा का भव्य दरबार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत तथा श्याम रसोई प्रसाद आकर्षण का केंद्र रहा। दरबार सजाने के लिए कोलकाता से फूल मंगाए गए थे। संध्या आरती के बाद सभी श्याम भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।





इस अवसर पर समिति द्वारा पाठ वाचक समेत अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रामकृष्ण चौधरी, ओमप्रकाश रिंगसिया, महावीर मोदी, सांवरमल अग्रवाल, बजरंगलाल अग्रवाल, नरेश कांवटिया, दीपक पारिक, किशोर गुप्ता, कविता अग्रवाल, पारुल चेतानी, रेखा अग्रवाल, सुशीला संघी, संगीता मोदी, लता खिरवाल, सरोज बंसल, मनीषा संघी, निशा सिंघल, उषा चौधरी समेत अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।