प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साकची पुराना कोर्ट स्थित चंद्र मौलेश्वर महादेव कचहरी बाबा मंदिर में आगामी 31 दिसंबर को भोले नाथ का जन्मदिवस महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं गुरुवार मंदिर कमेटी के अध्यक्ष श्रीराम दूबे ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 दिसंबर को चंद्र मौलेश्वर नाथ कचहरी बाबा खुद उक्त स्थान पर स्वयं प्रकट हुए थे और तभी से प्रति वर्ष भोले बाबा का जन्मदिवस काफी धूमधाम के साथ मनाया जाता आ रहा है।





उन्होंने कहा कि जो भी भक्त यहां सच्चे मन से आकर श्रद्धा पूर्वक बाबा से मन्नतें मांगते हैं उनकी मुराद अवश्य पूरी होती है।इस वर्ष बाबा का जन्मोत्सव काफी धूमधाम से मनाया जाएगा और जिसकी तैयारी में लोग जुटे हुए हैं। साथ ही मंदिर परिसर की रंगाई पोताई एवं चारो तरफ साफ सफाई तथा साज सज्जा का कार्य भी जोर शोर से चल रहा है और जो लगभग पूरा भी हो गया है। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 16 कैमरे भी लगाए गए हैं। जो असमाजिक तत्वों पर नजर रखेगी।





उन्होंने कहा कि इस वर्ष कचहरी बाबा मंदिर में भव्य रामायण पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। जिसके तहत मंदिर पुजारी के अलावा बाहर से भी योग्य पंडितों को बुलाया गया है। साथ ही संकीर्तन मंडली को भी आमंत्रित किया गया है। रामायण पाठ के पूर्णाहुति के दिन 1 जनवरी को भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। उन्होंने रामायण पाठ एवं महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भक्तों से अपील भी की है। मौके पर नवीन कुमार, आचार्य मृत्युंजय, राजन प्रसाद, उमेश कुमार, राजेश कुमार, संजय द्विवेदी, मनोज कुमार समेत अन्य मौजूद थे।