प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते 6 जनवरी साकची थाना अंतर्गत लोहार लाइन स्थित गिरधर लाल के बर्तन दुकान से खरीदारी करने के बहाने गल्ले से नगद रुपए चुराने वाली महिला को पुलिस ने शनिवार की देर रात्रि गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला रेखा राय उर्फ रेखा कुमारी सीतारामडेरा क्षेत्र के भुइयांडीह लाइन नंबर 7 वार्ड नंबर 11 आदर्शनगर में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहती है। वहीं मामले का खुलासा रविवार साकची थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी शुभांशु जैन ने पत्रकारों के समक्ष किया।





वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि महिला रेखा राय उर्फ रेखा कुमारी को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि उसने पहले भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। साथ ही पहली बार वह पुलिस के हत्थे चढ़ी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और सूत्रों के माध्यम से मिली गुप्त सूचना पर उसकी गिरफ्तारी की है। इससे पहले उसने विगत 20 दिसंबर 2022 को बिस्टुपुर थाना अंतर्गत बाग ए जमशेद में चल रहे शादी पार्टी से गहनों से भरे बैग की चोरी की थी। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके घर से नगद 1 लाख 28 हजार रुपए समेत 3 जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का सिक्का, एक जोड़ा सोने के कान का झुमका, सोने का लॉकेट, 1 जोड़ी सोने के हाथ का कंगन, सोने की अंगूठी, सोने का चेन, एक जोड़ा सोने के कान की बाली और 5 मोबाइल भी बरामद किया है।





बरामद गहनों की कीमत 5 लाख रुपए आंकी गई है। जबकि विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि गिरफ्तार महिला रेखा राय उर्फ रेखा कुमारी इससे पूर्व कदमा थाना से नीचे केयरटेकर द्वारा दिए गए टाटा स्टील के क्वार्टर में भी मां के साथ रहती थी। जहां रहकर वह अनैतिक कार्य करती थी। उसने अपने पति को पहले ही छोड़ दिया था। जिसके बाद वह मुंहबोले पति राकेश कुमार के संपर्क में आई थी। उस वक्त राकेश कुमार गोलमुरी थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। जिसे रेखा ने ही जमानत पर जेल से छुड़वाया था। जिसके बाद से दोनों साथ में ही रहते हैं। जबकि क्वार्टर टूटने के बाद वह मां को लेकर पति के साथ सीतारामडेरा क्षेत्र में रहने चली गई। हो ना हो पति राकेश कुमार का भी इन मामलों में हाथ हो सकता है।फिलहाल पुलिस ने उसे रविवार जेल भेज दिया है।





मामले के उद्भेदन के लिए बनी टीम में थाना प्रभारी संजय कुमार, एसआई दीपक कुमार सेन, संतोष कुमार मौर्य, योगेश कुमार यादव, वीरेंद्र कुमार, अमित कुमार खन्ना, सुखसागर सिंह चौधरी, अमित कुमार सिंह, मानगो थाना के एसआई पप्पू कुमार गुप्ता, बिष्टुपुर थाना के एसआई प्रभात कुमार, एएसआई नरेंद्र बिहारी सिंह, दिलबहार सिंह और कमला कुमारी उरांव शामिल थी।