प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साकची थाना अंतर्गत झंडा चौक के पास शनिवार की शाम एक दुकान में बर्तन की खरीदारी करने के नाम पर घुसी महिला दुकान के गल्ले से 1.25 लाख रुपए लेकर फरार हो गई। वहीं कुछ देर बाद दुकानदार को घटना की जानकारी मिलने पर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को देखने पर पता चला कि बर्तन खरीदने पहुंची महिला ने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद वह मामले की लिखित शिकायत करने थाने पर पहुंचा।





मामले में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम महिला बर्तन दुकान में पहुंची। इस दौरान दुकान मालिक विजय कुमार उन्हें बर्तन दिखा रहे थे। महिला बार-बार बर्तन देखने के बाद यह कह रही थी कि उसे पसंद नहीं आ रहा है। इस दौरान वह कभी कढ़ाही देख रही थी तो कभी कोई और बर्तन दिखाने बोल रही थी। जबकि सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चला कि महिला मास्क पहनने के साथ साथ लाल रंग की शॉल भी ओढ़ी हुई थी। बर्तन देखने के बहाने वह दुकान के गल्ला के पास पहुंची और उसे शॉल से ढकने के बाद रुपए निकाल लिया। जिसके थोड़ी देर बाद वह यह कहते हुए हड़बड़ी में दुकान से बाहर निकल गई कि उसे पसंद नहीं आ रहा है।





दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है। महिला मुंह पर मास्क लगाए हुए थी। जिससे पुलिस के लिए मास्क लगी महिला चोर को पहचान पाना आसान नहीं है। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।