मेरठ।तमिलनाडु से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस नेताओं के साथ 9 राज्यों से अधिक भारत के कई क्षेत्रों को कवर चुकी है।कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के लोनी बाॅडर से प्रवेश किया।भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों भारतीय जनता पार्टी के दिग्गजों के निशाने पर है।मेरठ के वेस्ट एंड रोड स्थित जैन मंडप में अखिल भारतीय पंच निर्मोही अखाड़ा के महामण्डलेश्वर व आयोजक द्वारा आयोजित संत समागम में पहुंचे उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी से सांसद साक्षी महाराज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी के टीशर्ट पहनकर यात्रा करने पर निशाना साधा। साक्षी महाराज ने कहा कि राहुल को देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाएगा।वो कभी जनेऊ बांध लेते हैं, कभी माला पहनाकर लेते हैं, कभी तुर्की टोपी पहन लेते हैं और कभी तिलक लगाकर लेते हैं। यह यात्रा हास्यास्पद है। सब नाटक जैसा प्रतीत होता है।
राहुल गांधी बोलना जानते नहीं
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि मुझ जैसा संत उनका विश्लेषण नहीं कर सकता।राहुल गांधी के संसद में बोलने का मौका न मिलने वाले सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि राहुल गांधी बोलना जानते नहीं है। बोलने के लिए उनके पास कुछ नहीं है। लोकसभा स्पीकर बार-बार बहस करने के लिए कहते हैं,लेकिन ये लोग बहस से दूर भागते हैं।
आज देश में बन रहा भव्य राम मंदिर
सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि एक जमाना था जब जय श्रीराम कहने वालों को गोली से छलनी कर दिया जाता था। आज उसी देश में विश्व का सबसे भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री विधायक कहीं न कहीं संत के शरण में देखकर लगता है कि भारत बदल रहा है। इस धरती पर इकलौते हम हैं जो कहते हैं सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे संतु निरामया से विश्व का कल्याण हो।जब मैं पहले मेरठ आकर हम चार हमारे 40 की बात कहता था तो पुलिस प्रशासन मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कर देता था। बहुत जल्द ही समान आचार संहिता कानून और जनसंख्या नियंत्रण पर सख्त कानून आने वाला है।
देश फतवों से नहीं चलने वाला
साक्षी महाराज ने कहा कि आज सरकारी भवनों पर तिरंगा पूरे शान से लहराता है।पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है।वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्व गुरु कहलाएगा। उन्होंने कहा कि यह देश फतवों से चलने वाला नहीं है। जिनके बाप-दादाओं ने देश को तोड़ने का काम किया, आज उनकी संतान भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। उन्होंने कहा कि हमारे योगी बाबा का हथियार बुलडोजर है। आजम खान, अतीक व अंसारी जैसों को ठीक कर दिया। भारत में रहना होगा तो वंदे मातरम कहना होगा।
संत समागम में ये रहे मौजूद
संत समागम में मंच पर अखिल भारतीय पंच निर्मोही अखाड़ा अध्यक्ष रविंद्र पुरी, जसविंदर सिंह शास्त्री, कनकप्रभा सरस्वती जी महाराज, गोपाल दास जी महाराज, रामदास जी महाराज ने संबोधन करते हुए सनातन धर्म और संस्कृति अपनाने पर जोर दिया। संचालन नितिन बालाजी ने किया। समागम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, पूर्व कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया, संयुक्त व्यापार अध्यक्ष अजय गुप्ता, अरविंद गुप्ता मारवाडी, कमलदत्त शर्मा, विवेक रस्तोगी, सचिन सिरोही, मनीष लोहिया व अन्य का मंच पर स्वागत किया गया।





