प्रतिनिधि,रामगढ़। रामगढ़ जिला अंतर्गत मांडू प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न विकास कार्यों, केंद्र के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर टाटा स्टील फाउंडेशन एवं जिला प्रशासन रामगढ़ के बीच 6 दिसंबर 2022 को एमओयू किया गया था। इसी क्रम में कार्य पूर्ण होने के उपरांत सोमवार को विधायक मांडू विधानसभा क्षेत्र जयप्रकाश भाई पटेल एवं उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा के द्वारा केंद्र का उद्घाटन किया गया।





इस दौरान विधायक एवं उपायुक्त ने केंद्र में किए गए विकास कार्यों एवं उपलब्ध कराए गए आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों का जायजा लिया। मौके पर उन्होंने ओपीडी वेटिंग एरिया, सोलर आधारित विद्युत सेवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओटी कक्ष, लेबर कक्ष, एमटीसी केंद्र आदि में उपलब्ध कराए गए विभिन्न उपकरणों का निरीक्षण करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मांडू सहित अन्य अधिकारियों को केंद्र के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं विधायक एवं उपायुक्त के द्वारा सभी प्रखंड वासियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने की शुभकामनाएं दी गई।





इस दौरान सिविल सर्जन प्रखंड विकास पदाधिकारी मांडू, अंचल अधिकारी मांडू, महाप्रबंधक टाटा स्टील वेस्ट बोकारो अनुराग दिक्षित, चीफ कैपेसिटी एन्हांसमेंट प्रोजेक्ट वेस्ट बोकारो टाटा स्टील राजेश कुमार, टाटा स्टील फाउंडेशन से केशव रंजन सहित अन्य उपस्थित थे।