रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के सामने ही गुरुवार को कार्यकर्ता जमा हो गए थे।पहले कहा गया था कि राजधानी रांची के मोरहाबादी में सब इकठ्ठा होंगे और सब वही इकठ्ठा हुए।आनन-फानन में सीएम आवास के सामने सड़क पर ही मंच बना दिया गया।दिन में 1.30 बजे के लगभग कार्यकर्ता छोटी गाड़ियों और पैदल आकर सीएम आवास के सामने इकठ्ठा होने लगे।गाड़ियों पर जनाक्रोश रैली लिखा पोस्टर लगा था।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता व समन्वय समिति के सदस्य विनोद पांडेय ने संचालन किया।और फिर सभा शुरू हो गयी। सभा को एक-एक कर मंत्री, विधायक, सांसद और नेता संबोधित करने लगे।नेता केंद्र सरकार,भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों के साथ-साथ राज्यपाल रमेश बैस पर भी गरजे। कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी करते रहे। गुरुवार देर शाम तक यह सिलसिला कांके रोड पर जारी था।
हेमंत टूटने वाला नही
मंत्री रामेश्वर उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि हेमंत टूटने वाला नही है।बचपन से ही वह जानते हैं। जब वह अधिकारी थे तब शिबू सोरेन के पास जाते थे और हेमंत भी छोटे थे। बचपन से उसे बड़ा होता देखा। रामेश्वर ने कहा इसलिए कह सकते हैं कि ईडी जैसी कार्रवाई से हेमंत टूटने वाले नही है।हेमंत एक मजबूत नेता हैं और पूरा यूपीए गठबंधन मजबूत है।यह सरकार पांच साल तक चलेगी।
सरकार कार्यकाल करेगी पूरा
मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि विपक्षी हताशा में हैं। इसलिए ईडी, सीबीआई को पीछे लगाता है। पर इससे कुछ नहीं होगा। आलमगीर ने कहा कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।लोकतंत्र में जब सुना नही जाता तब हम लोग सड़क पर आकर विरोध करते हैं। 2019 में सरकार बनी है तब से ही भाजपा सरकार गिराने में लगी है।जब भी हम जनता के हित में काम करते हैं, तो बीच-बीच में वो बाधा डालते थे।
हर साजिश को करेंगे नाकाम
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम लोग विपरीत परिस्थिति में जीने वाले लोग हैं और डटकर मुकाबला करते हैं। बन्ना ने कहा कि अन्याय का प्रतिकार करना हमारी प्रकृति है। हमने हमेशा अन्याय का विरोध किया,उलगुलान किया। चुनी हुई सरकार को अपदस्थ करने की साजिश है, गठबंधन की सरकार, बहुमत की सरकार को येन-केन प्रकारेण परेशान किया जा रहा है। इस साजिश को हम नाकाम करेंगे।
साजिश का देंगे मुंहतोड़ जवाब
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि हेमंत सरकार द्वारा जनहित और राज्य के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से भाजपा घबरा गयी है।इडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि साजिश रचने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
हिटलर नीति पर चल रही भाजपा
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय पूर्व से ही केंद्र पर हिटलर की नीति पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं।सुबोधकांत ने कहा कि जो हिटलर की राह चलेगा, तो हिटलर की मौत मरेगा।हेमंत हमारे नेता हैं और इसमें किसी कोई संशय नहीं है। हम सब उनके साथ हैं।
जांच से हम भागते नहीं
पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों को जांच करना है तो रघुवर दास के कार्यकाल की करें, जहां कई घोटाले उनके नाम है।भाजपा को आदिवासी-मूलवासी की चिंता नहीं रहती।तिर्की ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री है तो उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा है।
ईंट से ईंट से बजा देंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा की ईंट से ईंट बजा देंगे। उनकी साजिशों का हमें भी जवाब देना आता है।ये सरकार को रोड़ा अटका रहे हैं, इन्हें हम सबक सिखा देंगे।
केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है
राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने कहा कि केंद्र सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों को अस्थिर करना चाहती है।इसी वजह से भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है,लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं होगी।महुआ ने कहा हेमंत सोरेन भाजपा के चक्रव्यूह में नहीं फसेंगे।जनता का प्यार उनको और मजबूत बनाएगा। राजमहल के सांसद विजय हांसदा ने कहा कि भाजपा राज्य को अस्थिर करने की साजिश रच रही है। हेमंत की लोकप्रियता से डर कर उनको बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।





