संजय कुमार धीरज
साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों के मन में क्रोध भर दिया है। दिल्ली की श्रद्धा हत्याकांड से भी खौफनाक तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
दरअसल साहिबगंज के बोरियो प्रखंड के संथाली गांव के एक निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे मानव अंग के टुकड़े मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार शाम इस घटना की भनक तब लगी जब किसी शख्स ने आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे किसी महिला के पैर और सीने के कटे टुकड़े, कुत्तों को नोच -नोच कर खाते देखा। बाद में पुलिस ने आरोपी पति दिलदार अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि दिलदार अंसारी नाम के शख्स पर आरोप है कि उसने अपनी 22 वर्षीय पत्नी रबिया पहाड़िन की पहले हत्या की और फिर एक कटर की सहायता से बारह टुकड़ों में काट दिया। मृतिका रबिया पहाड़ी इलाके की रहनेवाली थी। रबिया ने दिलदार से मात्र दस दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था और प्रेम विवाह के बाद ही पति दिलदार अंसारी के साथ आजकल बेलटोला स्थित घर पर रह रही थी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शादी के कुछ दिनों बाद ही दिलदार अपनी पत्नी से झगड़ने लगा था। आखिरकार झगड़े से तंग आकर दिलदार ने खतरनाक प्लान बनाया और फिर पत्नी की हत्या कर इलेक्ट्रिक कटर से शव के 12 टुकड़े कर दिए और फिर उसे आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके निशानदेही पर समाचार लेखन तक दस टुकड़े बरामद कर लिए हैं, बाकी बचे दो टुकड़े की तलाश जारी है। यह भी पता चला है कि रबिया दिलदार की दूसरी पत्नी थी। इसके पूर्व भी दिलदार ने शादी रचाई थी।
शरीर के कटे अंग को कुत्ते घसीट रहे थे
जानकारी के अनुसार महिला का क्षत-विक्षत शव शनिवार की देर शाम बोरियो थाना क्षेत्र के संथाली मोमिन टोला स्थित एक निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे से 12 टुकड़ों में बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि शरीर के कटे अंगों को कुत्ते घसीट रहे थे, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। फिर पुलिस की टीम भारी संख्या में दलबल के साथ पहुंचकर घटना का जायजा लिया। इस दौरान डॉग स्क्वायड की टीम भी साथ में थी। इस जघन्य हत्याकांड से गांव में मातम का माहौल है और कातिल दिलदार के प्रति नफरत भी।
दिल्ली में आफताब ने दी थी श्रद्धा को दर्दनाक मौत
गौरतलब है कि दिल्ली के छतरपुर इलाके में किराये के मकान में लिव इन में रह रहे आफताब पूनावाला ने झगड़े के बाद अपनी प्रेमिका श्रद्धा की बेहरमी से हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए और उन टुकड़ों को 18 दिनों तक फ्रिजर में रखा। वह धीरे-धीरे शव के टुकड़ों को जंगल में फेंकता रहा। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हत्याकांड की जांच फिलहाल जारी है।





