वरीय संवाददाता,रांची। सीएसआर के तहत सीएमपीडीआई की गौरवशाली पहल से सीआईपीईटी रांची में मशीन ऑपरेटर के रूप में छमाही कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी 80 अभ्यर्थियों/लाभुकों को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार प्राप्त हुआ है।





सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी/ईएस) शंकर नागाचारी ने एक संक्षिप्त समारोह में सभी अभ्यर्थियों/लाभुकों को कोर्स पूरा करने का प्रमाण-पत्र एवं प्रस्ताव पत्र सौंपा और उन्हें बधाई दी। मौके पर उन्होंने सभी लाभुकों को जीवन में एवं कार्यस्थल पर सभी तरह की चुनौतियों का बहादुरी से सामना करने के लिए प्रेरित किया।





इन लाभुकों को ताकाहाटा प्रिसिजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड-नीमराना-राजस्थान, मारेली मदरसन ऑटोमोटिव लाइटिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड-पुणे-महाराष्ट्र, बावल-हरियाणा, साणंद-गुजरात और रोटोलाइन पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड-पटना-बिहार में रोजगार प्राप्त हुआ है।





ज्ञात हो कि नवम्बर, 2022 में सीएमपीडीआई ने सीएसआर के अंतर्गत 68 लाख रूपये निधि पोषित करते हुए सेन्ट्रल इंस्टीच्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट): सेंटर फॉर स्किलिंग एंड टेक्निकल सपोर्ट (सीएसटीएस)] रांची के साथ झारखंड राज्य के 80 वंचित/बेरोजगार/अर्द्ध बेरोजगारों युवा को मशीन ऑपरेटर के क्षेत्र में कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करते के लिए ज्ञापन समझौता (एमओए) पर हस्ताक्षर किया था।





इस अवसर पर सीएमपीडीआई के महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) आरके महापात्रा और सीआईपीईटी: सीएसटीएस, रांची के संयुक्त निदेशक और प्रमुख बी बछव के अलावा सीएमपीडीआई और सीआईपीईटी के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उक्त जानकारी मुख्य प्रबंधक (टीएस/माइनिंग) एसके मेहता ने दी।