रांची।झारखंड में सियासी बयानबाजी जारी है।झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी युद्ध जारी है। भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आरोपों पर पलटवार किया है।बुधवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के सिलसिले में सीएम सोरेन पाकुड़ में थे।सीएम सोरेन ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जब से मैंने सत्ता बनाई है, विपक्ष रोज इसे अस्थिर करने का षड्यंत्र रचता आया है।भाजपा मीडिया के सहयोग से झारखंड में रोज सरकार गिराती है और रोज बनाती है। रोज उनका मुख्यमंत्री चुना जाता है। अजीब हाल है।
हेमंत के हमलों पर बाबूलाल का पलटवार
सीएम सोरेन के आरोपों पर अब पूर्व सीएम और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने पलटवार किया है।बाबूलाल ने ट्वीट कर सीएम सोरेन पर निशाना साधा है।आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से बाबूलाल ने सीएम सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा है कि जांच एजेंसियों को धमकाना, भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी और अब मीडिया के कठघरे में खड़ा करके मुख्यमंत्री जी अपने घपले-घोटाले को छिपाने की रोज कोशिश करते हैं। बाबूलाल ने कहा कि उनकी एक भी दाल नहीं गलने वाली है। हेमंत सोरेन जी! 17 नवंबर को ईडी दफ्तर जाइए और सब कुछ सच-सच बताइए। सत्यमेव जयते।' बाबूलाल मरांडी ने यहां सीएम के उन बयानों का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि धरना दे रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं की पहचान कीजिए और उन्हें सबक सिखाइए। एक अन्य टिप्पणी में सीएम सोरेन ने कहा था कि ईडी को हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाए।
सीएम हेमंत को ईडी का दूसरा समन जारी
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने दूसरा समन जारी किया है। ईडी ने सीएम सोरेन को 17 नवंबर को पूछताछ के लिए रांची स्थित ऑफिस में तलब किया है। इससे ईडी ने कहा है कि उन्हें किसी भी हाल में 17 नवंबर को हाजिर होना होगा। पूछताछ के लिए नहीं आने पर कार्रवाई होगी। इससे पहले 3 नवंबर को भी सीएम सोरेन को ईडी ऑफिस तलब किया गया था,लेकिन वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देकर नहीं आए थे। ईडी मनी लाउंड्रिंग और अवैध खनन केस में सीएम सोरेन से पूछताछ करना चाहती है।





