रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांग्रेस ने मुलाकात कर झारखंड में राज्यसभा के होने वाले चुनाव के लिए एक सीट पर दावा पेश किया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार है।पिछले साल शिबू सोरेन को राज्यसभा भेजा गया था।इसलिए इस बार कांग्रेस को मौका मिलना चाहिए।बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और कांग्रेस कोटे के अन्य तीन मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और इस बार कांग्रेस के प्रत्याशी को राज्यसभा भेजने के लिए आग्रह किया है। सीएम ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की बैठक होने वाली है। इसके बाद प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से बात करेंगे और अंतिम रूप से प्रत्याशी पर निर्णय लिया जाएगा।
सीएम से वार्ता के बाद आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस ने अपना पक्ष रख दिया है। उन्होंने कांग्रेस की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया है। 24 मई से इसके लिए नामांकन होना है। आपसी सहमति के बाद प्रत्याशी पर फैसला कर लिया जाएगा। राज्यसभा चुनाव कोई दल नहीं गठबंधन मिलकर लड़ेगा।





