प्रतिनिधि,जमशेदपुर। कोल्हान सिखों के सिरमौर संस्था सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर रविवार की सुबह नाम वापसी का समय था। वहीं तय समय पर सुबह 10 बजे उम्मीदवार हरविंदर सिंह मंटू सीजीपीसी दफ्तर पहुंचे। साथ ही उन्होंने चुनाव समिति को एक पत्र भी दिया। जिसमें दो अन्य उम्मीदवार महेंद्र सिंह और हरमिंदर सिंह मिंदी का हस्ताक्षर था।आवेदन में लिखा था कि नाम वापसी की तिथि को तीन के लिए बढ़ाया जाए। तभी वहां विपक्ष के मजबूत दावेदार सरदार भगवान सिंह भी आ गए और उन्होंने अन्य साथी उम्मीदवारों के आवेदन को अपनी सहमति प्रदान कर दी। जिसके बाद तय हुआ कि बुधवार की दोपहर एक से दो बजे के बीच नाम वापस लिया जा सकता है। वहीं सीजीपीसी का चुनाव भी रोचक होता जा रहा है।





पल-पल बदल रहे चुनावी समीकरण के बीच तीन दिन बाद क्या समीकरण बनेंगे यह तो वक्त ही बताएगा। बहरहाल नाम वापसी का समय बढ़ने से आपसी सर्वसम्मति होने पर भी बल दिया जा रहा है। विवादों के बीच सुर्खियों में बनी रहने वाली सीजीपीसी में अगर इस बार सर्वसम्मति बन जाती है तो यह अपने आप में एक इतिहास होगा और समाज में एक अच्छा संदेश भी जाएगा। जिससे पंथ की एकता मजबूत होगी। मगर इसके लिए भगवान सिंह को दरियादिली दिखाने की पहल करनी होगी।





इस दौरान चुनाव संचालन समिति के नरेंद्रपाल सिंह भाटिया, गुरदयाल सिंह, अमरजीत सिंह, दलजीत सिंह दल्ली और तारा सिंह गिल भी मौजूद थे। नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि अगर उम्मीदवारों में सर्वसम्मति बनती है तो उससे बड़ी और अच्छी बात नहीं हो सकती। अगर नहीं हुआ तो उसी दिन वोटर लिस्ट जारी कर चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।