जमशेदपुर।सीजीपीसी चुनाव की सरगर्मी के बीच जेम्को आजाद बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान जगदीश सिंह जग्गा ने रविवार एक बयान जारी कर कहा कि प्रधान पद के चारों उम्मीदवार आपसी एकता का परिचय दें और आपस में मिलकर चुनाव में सर्वसम्मति बनाएं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शहर का सिख समाज अन्य धर्मों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। साथ ही पिछले दिनों हुई घटना को लेकर शर्मिंदगी भी महसूस कर रहा है। अगर ऐसे समय में सीजीपीसी चुनाव में सर्वसम्मति बनती है तो उससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा।
उन्होंने घोषणा की है कि अगर ऐसा होता है तो वे अपनी तरफ से सीजीपीसी की फंड में 11 हजार मेडिकल और 11 हजार रुपए शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के लिए सेवा देंगे। उन्होंने उम्मीद की है कि अब तक के प्रधानों के कार्यकाल में जो समाज हित में नहीं हुआ, वह आपसी एकता से होगा। समझौता होने पर चाहे कोई भी प्रधान बनता है शिक्षा और मेडिकल के क्षेत्र में वाहे गुरु की कृपा से अपने कदम आगे बढ़ाकर समाज में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।





