प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत छाया नगर ह्यूम पाइप में चोरों ने शुक्रवार की रात्रि दो घरों को खंगाल कर एक घर में ही घटना को अंजाम दिया। वहीं चोरी की पूरी घटना ही सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जिसका फुटेज देखकर स्थानीय लोगों ने आरोपी की पहचान की। साथ ही घटना की लिखित शिकायत थाने में भी की है। जिसके बाद फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी का पता लगा रही है।
मामले में छाया नगर निवासी भुक्तभोगी राकेश सामंता ने बताया कि चोर रात्रि लगभग 1 से लेकर 2 बजे के बीच सबसे पहले उनके घर में घुसे।जहां चोरों के हाथ कुछ नहीं लगने पर वे पड़ोसी सविता दास के घर में चोरी करने घुसे और जहां से चोरों ने बैग में रखे हुए 5000 रुपए चुरा लिए। इस दौरान चोरों ने तकिया के नीचे से मोबाइल निकालने का प्रयास भी किया। मगर सविता की भतीजी मौसमी जग गई। जिसके बाद चोर वहां से भाग निकले।
राजेश सामंता ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोरों की संख्या चार दिख रही है। कुछ चोर घर के बाहर खड़े होकर रेकी कर रहे थे तो कुछ घर में घुसे थे। उनके घर से चोर कुछ नहीं ले जा सके। बस्ती के लोगों ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी की पहचान भुइयांडीह इंद्रानगर घोड़ा मंदिर निवासी सोनू नायक के रूप में की है। मगर बाकी का चेहरा फुटेज में साफ नहीं दिखाई पड़ने पर उनकी पहचान नहीं हो सकी। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।





