प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत सिविल कोर्ट कैंपस में हथियार के साथ घुसे बागबेड़ा निवासी सह डॉन अखिलेश सिंह के गुर्गे कन्हैया सिंह के साढ़ू भाई के बेटे अंशु चौहान को सुरक्षाकर्मियों ने शनिवार की शाम जांच के क्रम में धर दबोचा। इस दौरान उसने भागने का भी प्रयास भी किया। मगर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। साथ ही जांच के क्रम में उसके पास से लोडेड पिस्टल भी बरामद किया। जिसके बाद उसकी पिटाई कर थाने के सुपुर्द कर दिया। जहां पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामले में बताया जा रहा है कि बरामद हथियार को आरोपी अंशु ने दोनों जांघ के बीच में छिपाकर रखा था। इस बीच जैसे ही पुलिसकर्मियों ने गेट पर उसकी जांच शुरू की तो वह बाहर निकलकर भागने लगा। जिस पर आशंका होने पर पुलिसकर्मियों ने खदेड़कर उसे पकड़ा। जिसके बाद जांच के क्रम में उसके पास से लोडेड हथियार बरामद किया गया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि शनिवार को सिविल कोर्ट में अपराधी कन्हैया सिंह की जमानत की सुनवाई होने वाली थी। साथ ही उसकी जमानत लेने के लिए ही आरोपी अंशु चौहान आया हुआ था। बागबेड़ा थाने में नए साल की रात्रि चाय विक्रेता ने अपराधी कन्हैया सिंह के विरुद्ध लूट का एक मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले में कन्हैया सिंह जेल में बंद है।
बताते चलें कि 30 अप्रैल 2023 सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह नीतिबाग कॉलोनी में डॉन अखिलेश सिंह और सुधीर दुबे गिरोह के बीच गैंगवार की घटना घटी थी। जिसमें अपराधी कन्हैया सिंह के साथ अंशु चौहान भी घायल हुआ था। साथ ही उसके खिलाफ थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था। घटना की रात्रि 10 बजे कन्हैया सिंह ने सुधीर दुबे को फोन कर कहा कि वह अपने ऑफिस में ही रहे। वह आ रहा है। जिसके बाद ऑफिस के पास ही दोनों तरफ से अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। जिसमें आधा दर्जन भर से ज्यादा लोग दोनों तरफ से घायल हो गए थे और जिनका इलाज पुलिस ने टीएमएच में कराया था। वहीं कोर्ट परिसर में दोनों गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और पुलिसकर्मी भी तैनात रहते हैं। बावजूद इसके मेन गेट से आरोपी अंशु चौहान हथियार के साथ अंदर आ गया। जिसके बाद अंदर के गेट पर जांच के दौरान पकड़े जाने के डर से वह भागने लगा। जिसके कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आखिर मेन गेट पर उसकी जांच कैसे नहीं हुई, यह चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कोर्ट के जिस मेन गेट से अंशु चौहान अंदर घुसा था, वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। साथ ही मामले को लेकर में जांच के आदेश भी दिए गए हैं। गिरफ्तारी के समय आरोपी शराब के नशे में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से थाने में पूछताछ कर रही है।





