प्रतिनिधि,गिरिडीह। भाकपा माले के गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा के नेतृत्व में उज्ज्वल साव,रंजीत यादव, नौशाद अहमद,निशांत भास्कर, ताज हसन सहित अन्य कार्यकर्ता लगातर तीन दिनों से सीसीएल क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों की मूलभूत समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या के रूप में पेयजल की समस्या उभर कर सामने आई। पेयजल समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान माले नेता ने परियोजना पदाधिकारी को ज्ञापन देते हुए पेयजल समस्या को दूर करने का अग्रह किया।
मौके पर माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि सीसीएल क्षेत्र में जनप्रतिनिधियो का ध्यान एकदम नहीं है। यूनियन नेताओं का भी काम सिर्फ ऑफिस भ्रमण रह गया है।आम जनता के लिए लड़ाई न के बराबर होती है, पार्टी का झंडा बैनर खूब लगता है किंतु मूलभूत सुविधा के लिए लड़ाई शून्य के बराबर होती है। कहा कि माले जनता के साथ शुरू से खड़ी रही है और इसी वजह से माले अब मुहल्ला-मुहल्ला का भ्रमण कर लोगों की मूलभुत समस्याओं से अवगत होंगे। कहा कि सीसीएल क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या को दूर नही किया गया तो माले बाध्य होकर स्थानीय लोगों के साथ परियोजना कार्यालय का घेराव करेगी।





