प्रतिनिधि,चतरा। सूबे के मंत्री सत्यानन्द भोगता ने अपने तीन दिवसीय दौरे के क्रम में सोमवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत चतरा महिला महाविद्यालय में आयोजित जिला प्रशासन के सौजन्य से नीट-जेईई संस्थान का विधिवत शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि के रूप में किया।





शुभारंभ के पश्चात मंत्री भोगता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रयास कर रही है। चतरा जैसे जिले में इस तरह के संस्थान के खुलने से गरीब बच्चों को इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में भविष्य बनाने का सपना पूरा होगा। चतरा जैसे जिले के बच्चे भी अब आगे बढ़ेंगे। यह चतरा जिले के लिए गर्व की बात है। बच्चों को आगे बढ़ने के लिए काफी मेहनत की आवश्यकता है।आप सब मेहनत कीजिए सरकार आपके साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा दी जानेवाली सुविधाओं का लाभ लें। अपने जिले का देश विदेश में नाम रौशन कीजिये। आज चतरा जैसे जिले में शिक्षा का जो बीज बोया जा रहा है,आने वाले समय में इसका सुखद परिणाम मिलेगा।





शुभारंभ कार्यक्रम में उपायुक्त अबू इमरान, पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव, राजद प्रदेश सचिव भोली साहू समेत कई गणमान्य मौजूद थे।