विशेष संवाददाता,रांची। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल-सीआईएल) मैंगनीज और इंडिया लिमिटेड (एमओआईएल) जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस) और नेशनल एचआरडी नेटवर्क रांची चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (सेल) रांची में धातु और खनन उद्योग में क्षमता निर्माण के लिए डिजिटल एचआर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन गुरुवार को संगोष्ठी का समापन एमटीआई सभागार में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।
समापन पर दो तकनीकी सत्र आयोजित किये गए,जिनमें बड़े संगठनों में स्मेक टेक्नोलॉजी अपनाने तथा इमेर्सिवे इम्प्लोयी एक्सपीरियंस जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी गयी तथा गहन विचार विमर्श किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि सेल के अध्यक्ष सोमा मंडल का स्वागत संजीव कुमार कार्यपालक निदेशक (मा.सं.वि) द्वारा अंगवस्त्र तथा प्रतीक चिन्ह देकर किया गया। अपने स्वागत संबोधन में संजीव कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा संगोष्ठी में चर्चा किये गए सर्वोत्तम तकनीकी को भविष्य में अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीखने से ही व्यक्ति युवा बना रह सकता है।पुनीत शर्मा, कार्यपालक निदेशक (सी एंड आई टी ) सेल ने ई-गैलरी के प्रदर्शन पर अपने विचार व्यक्त किये तथा संगोष्ठी में विचार किये गए मुद्दों को आगे ले जाने को कहा।
सैयद जावेद अहमद, का.नि (सी एमएमजी) सेल ने दो दिवसीय संगोष्ठी का सारांश बताया तथा ए आई के क्षेत्र में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी।गौरव कुमार सिंह, आई एस.पी, बर्नपुर ने सत्रों से मिले लाभ के बारे में चर्चा की। कुमार संजय सावर्नी, म प्र, एमटीआई ने संगोष्ठी में प्राप्त तकनीकी पत्रों के बारे में जानकारी दी तथा पुरस्कार प्राप्त विजेताओं तथा उप विजेताओं के नामों की घोषणा की।
आरिफ खान तथा सचिन नारंग की सेल सी एम ओ की टीम ने फुल पेपर प्रतियोगिता में विजेता का ख़िताब जीता, जबकि इसी वर्ग में बोकारो इस्पात संयंत्र तथा एक्सआईएसएस एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की टीमें उपविजेता रहीं। आई एसपी, बर्नपुर के एसआर दास, दीपक कुमार एवं आर एस पांडेय की टीम ने ई-गैलरी में विजेता का पुरस्कार जीता। इस वर्ग में आरडीसीआईएस तथा भिलाई इस्पात संयंत्र एवं हिंडाल्को की टीमें उपविजेता रहीं। विजेताओं तथा उपविजेताओं को निदेशक (कार्मिक) सेल ने पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक), सेल केके सिंह ने अपने संबोधन में संगठनों को उत्कृष्ट बनाने में आवश्यक तत्वों की चर्चा की तथा कार्मिकों की बदलती आशाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने इंडस्ट्री 4.0 में भारत के नेतृत्त्व संभालने पर जोर दिया। सेल अध्यक्ष सोमा मंडल ने अपने अभिभाषण में मानव संसाधन की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा कहा कि संगठन मानव संसाधन से ही चलता है। उन्होंने मानव संसाधन में डिजिटल के प्रति विश्वास जगाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा की सीखने की प्रवृति यहीं समाप्त नहीं होनी चाहिए।
नेशनल एचआरडी नेटवर्क, रांची चैप्टर के सचिव मो.युसूफ हुसैन ने अंत में सबों का धन्यवाद ज्ञापन किया।इसके बाद अध्यक्ष सेल ने इस्पात भवन स्थित वेस्ट यूटिलाइजेशन के पायलट प्लांट का दौरा किया। एन बनर्जी, ईडी (आरडीसीआईएस) ने उन्हें कार्बन पृथक्करण की जबरदस्त क्षमता के बारे में बताया, जिससे सेल के लिए कार्बन फुटप्रिंट्स कम हो जायेगा|
इसके बाद सोमा मंडल ने सीईटी में इलेक्ट्रॉनिक ड्रॉइंग एंड डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम का उद्घाटन किया। सेंटर फॉर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) में परियोजना प्रबंधन और ड्राइंग प्रबंधन की क्षमताओं को बढ़ाने के निरंतर प्रयासों के तहत सेल ने अपने इलेक्ट्रॉनिक ड्राइंग और दस्तावेज़ प्रबंधन प्रणाली (ईडीडीएमएस) को लागू करने के लिए मैसर्स रिंच सॉल्यूशंस के साथ सहभागिता की है।
सेल अध्यक्ष सोमा मंडल ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई और ईडीडीएमएस का उद्घाटन किया। जगदीश अरोड़ा, कार्यकारी निदेशक, सीईटी ने स्वचालित वर्कफ़्लोज़, सहयोगी कार्य, विक्रेता ड्राइंग सबमिशन और अनुमोदन, डैशबोर्ड और गतिशील रिपोर्ट जैसी प्रणाली की उन्नत विशेषताओं पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष ने अगले कार्यक्रम में इस्पात भवन के सभागार में सेल इकाइयों के कर्मचारियों को संबोधित किया। उक्त जानकारी सेल के संचार प्रमुख उज्ज्वल भास्कर ने दी।





