प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सोनारी क्षेत्र के होल्डिंग नंबर 247, ए ब्लॉक में विष्णु महतो द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण पर शुक्रवार की दोपहर जमशेदपुर अक्षेस विभाग के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने खुद से मौके पर पहुंचकर रोक लगा दी है। साथ ही उन्हें 27 दिसंबर दोपहर 12 साकची स्थित विभाग के कार्यालय में भवन के दस्तावेजों के साथ आकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। उक्त कारवाई झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और झारखंड भवन उपनिधि 2016 के तहत की गई है।





बताया जा रहा है कि मालिक विष्णु महतो पारित नक्शा का विचलन कर अवैध रूप से भवन का निर्माण करवा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर विशेष पदाधिकारी ने टीम के साथ पहुंचकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। इसके अलावा सोनारी कार्मेल स्कूल के पास स्थित जगबंधु कॉलोनी में अनावाद बिहार सरकार की जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी गई है। मौके पर नगर प्रबंधक प्रणव कुमार ठाकुर के साथ साथ उड़नदस्ता टीम भी मौजूद थी।