प्रतिनिधि,पिपरवार (चतरा)। 50 घंटा से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सीसीएल कर्मचारी के आवास पर गिरे पेड़ को नहीं हटाया गया। घटना के बाद से सीसीएल कर्मचारी और उनका परिवार काफी डरा सहमा हुआ है।





आरसीएमएस के पिपरवार क्षेत्रीय सचिव सतीश कुमार पांडेय ने प्रबंधन की इस अनदेखी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सीसीएल अधिकारी के आवास पर पेड़ गिरा होता तो एक घंटे में पेड़ हट जाता, लेकिन कर्मचारी के आवास पर पेड़ गिरने पर प्रबंधन के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।





ज्ञात हो कि 25 अप्रैल की शाम को पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र में चली तेज आंधी की चपेट में आने से सेमल का विशाल वृक्ष वनबीआर कॉलोनी में रहने वाले सीसीएल कर्मचारी बालेश्वर महतो के आवास पर गिर पड़ा था। पेड़ गिरने से क्वाटर के बगल में बना गैराज, बाथरूम, पानी टंकी क्षतिग्रस्त हो गया और गैराज में रखा ड्रेसिंग टेबल एवं अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।





सीसीएल कर्मचारी बालेश्वर महतो ने बताया कि जिस समय पेड़ गिरा उस समय हम सभी लोग क्वाटर में ही बैठे थे। पेड़ गिरने की आवाज के बाद हम सभी परिवार के लोग दौड़कर बाहर निकल कर भागे। उन्होंने बताया कि क्वाटर क्षतिग्रस्त होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।