जमशेदपुर।बीते 29 नवंबर की रात्रि लगभग 8:10 बजे थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि मानगो थाना अंतर्गत बैकुंठ नगर रोड नंबर 4 स्वर्णरेखा नदी तट पर सिढ़ी के पास तीन चार व्यक्ति के द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने पर डीएसपी वन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।जिसके बाद पुलिस टीम ने उक्त स्थल पर छापेमारी कर मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया। जिसमें बैकुंठ नगर लक्ष्मण टावर के पास रहने वाला राजा कुमार, मानगो गुरुद्वारा रोड शिव मंदिर के पास रहने वाला संजय अमन सिंह और उलीडीह रोड नंबर 1 दुर्गा मंदिर के पास रहने वाला बलदीप सिंह उर्फ पाठक शामिल है।





वहीं घटनास्थल पर तलाशी लेने के क्रम में पुलिस ने राजा के पॉकेट से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ साथ ब्राउन शुगर बेचने से अर्जित नगद 11590 रुपए,अमन सिंह के पास से 17 पुड़िया ब्राउन शुगर और बलदीप सिंह के पॉकेट से 9 पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद किया। बरामद कुल 52 पुड़िया ब्राउन शुगर का कुल वजन 4.05 ग्राम है। साथ ही पुलिस ने तीनों के पास से तीन मोबाइल भी बरामद किया है।





बुधवार मानगो थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी वन वीरेंद्र राम ने यह जानकारी पत्रकारों को दी। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी राजा कुमार का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध सीतारामडेरा में लूट और मानगो थाने में हत्या की नियत से हमला करने का मामला दर्ज है। फिलहाल तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत थाने में मामला दर्ज कर बुधवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वार्ता में थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौजूद थे।