रांची।सीबीआई की एसीबी में रेलवे के ठेकों के आवंटन और टेंडर राशि के भुगतान के बदले घूस लेने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है।सीबीआई रांची एसीबी ने इस मामले में रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकॉनोमिक सर्विस लिमिटेड के अशोकनगर स्थित कार्यालय से जीएम प्रोजेक्ट अभय कुमार और डीजीएम प्रोजेक्ट राजीव रंजन को 2.72 लाख घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा है।





सीबीआई की टीम ने आरोपियों के रांची, रामगढ़,देवघर, पटना, गुडगांव, रामगढ़ के 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।छापेमारी के दौरान सीबीआई ने आरोपियों के यहां से कुल 65.50 लाख रुपए नकद बरामद किया है।





सीबीआई ने घूस देने के आरोप में हरदेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी शशि को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश प्रभात कुमार शर्मा की अदालत में पेश किया गया।





यहां सीबीआई ने गिरफ्तार आरोपियों की चार दिनों की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने तीन दिनों की रिमांड की अनुमति दी, जिसके बाद सीबीआई सभी को होटवार जेल ले गई। जेल में इंट्री के बाद सीबीआई ने तीनों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। सीबीआई को इस मामले में हरदेव कंस्ट्रक्शन के अवतार सिंह की तलाश है।