नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक सरगर्मी के बीच पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के बाद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कड़े कदम उठाए हैं। जैसे ही CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके अपने ठिकाने से बाहर निकले, मुस्तैद दिल्ली पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और अभिजीत दिपके के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
पुलिस और अभिजीत दिपके के बीच तीखी नोकझोंक
हिरासत में लिए जाने के समय अभिजीत दिपके ने पुलिस अधिकारियों से सीधा सवाल किया कि "आप मुझे क्यों हिरासत में ले रहे हो?"
इस पर पुलिसकर्मियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। पुलिस ने उन्हें बताया कि कानून के तहत 'प्रिवेंटिव मेजर' (एहतियाती कदम) के रूप में उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति या तनाव को टाला जा सके।
मंडी हाउस से मार्च निकालने की तैयारी में थीं नेहा बोरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा बोरा मंडी हाउस से एक मार्च का नेतृत्व करने की पूरी तैयारी कर रही थीं। लेकिन मार्च शुरू होने से ठीक पहले ही मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया और एहतियातन हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किस विशिष्ट मामले या धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया है, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है।
सेंट्रल पार्क दो दिन के लिए बंद और धारा 163 लागू
इससे पहले, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने आधिकारिक नोटिस जारी कर प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर के लिए आम जनता के बंद रखने की घोषणा की थी। इसके साथ ही, इलाके में पहले से ही धारा 163 लागू है।
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया था कि सीजेपी के इस प्रस्तावित मार्च के लिए एनडीएमसी या पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई है। इसके बावजूद जब अभिजीत दिपके और उनके समर्थक मार्च निकालने पर अड़े रहे, तो पुलिस ने मार्च शुरू होने से ठीक 10 मिनट पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम ने इससे पहले भी उन्हें नोटिस देकर यात्रा न निकालने की हिदायत दी थी।
इसे भी पढ़ेंः जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र और दिल्ली पुलिस को नोटिस
दिल्ली पुलिस की अपील: "तिरंगे का सर्वोच्च सम्मान सर्वोपरि"
इस पूरी कार्रवाई और घटनाक्रम के बीच दिल्ली ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक संदेश जारी किया है। पुलिस ने देशवासियों से अपील की है कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) को हमेशा सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए और देशभक्ति हर नागरिक के व्यवहार में झलकनी चाहिए। पुलिस ने संदेश देते हुए कहा, "तिरंगे का सम्मान करें और देश का गौरव बनाए रखें।"
फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा बल कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में पूरी तरह मुस्तैद हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटा जा सके।
#CockroachJantaParty #AbhijeetDipke #DelhiPolice #ConnaughtPlace #TirangaMarch #NDMC #Section163 #DelhiNews #LawAndOrder





